MP : भोपाल में गणेश प्रतिमा के विसर्जन के दौरान दो नावों के पलटने से 11 लोगों की मौत

Share this news

भोपाल, भोपाल में भगवान गणेश की एक बड़ी प्रतिमा के विसर्जन के दौरान शुक्रवार तड़के दो नावों के पलटने से 11 लोगों की डूबने से मौत हो गई। भोपाल (शहर) के पुलिस उप महानिरीक्षक इरशाद वली ने बताया कि यह घटना छोटे तालाब के खटलापुरा घाट पर शुक्रवार तड़के करीब 4.30 बजे हुई।

उन्होंने कहा कि हादसे के वक्त वे लोग गणेश प्रतिमा को विसर्जित करने गए थे। वली ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक इन दो नावों में 19 लोग सवार थे। 11 शव तालाब से निकाल लिए गए हैं। छह लोगों को सुरक्षित निकाला गया और दो लोगों की तलाश की जा रही है। मारे गए लोग पिपलानी इलाके के रहने वाले थे। एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक दो नावों पर करीब 19 लोग सवार थे। किसी ने भी लाइफ जैकेट नहीं पहन रखा था।

जैसे ही प्रतिमा वाली नाव पलटी, तो उसमें सवार लोग दूसरी नाव पर कूदने लगे। लिहाजा उस नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह भी पलट गई।  एसडीआरएफ की टीम, गोताखोर और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में लग गई।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भोपाल के खटलापुरा घाट पर गणेश विसर्जन के दौरान हुए हादसे को बेहद दुखद बताते हुए इस घटना की मेजिस्ट्रेट जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि दु:ख की इस घड़ी में सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ है। उनकी हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने सभी मृतकों के परिजनों के लिये पूर्व में घोषित 4-4 लाख रुपये की मुआवज़ा राशि को बढ़ाकर 11-11 लाख रुपये किया है।

उन्होंने कहा कि जांच में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसे बख़्शा नहीं जाएगा। घटनास्थल पर पहुंचे प्रदेश के जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि हादसे की जांच की जाएगी।  मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने इस हादसे पर दुख जताया और पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की।  इस हादसे में दो और लोगों के डूबने की आशंका है। उनकी तलाश जारी है। (भाषा)

About Post Author


Share this news
Advertisements