कोरोना वायरस : रास की रिक्त हो रही सीटों पर निर्वाचन आयोग ने चुनाव स्थगित किया

FILE PHOTO
Share this news

नई दिल्ली, 24 मार्च निर्वाचन आयोग ने आगामी अप्रैल माह में राज्यसभा की रिक्त हो रही 55 सीटों पर होने वाले चुनाव को कोरोना वायरस के संक्रमण से उपजे संकट को देखते हुए स्थगित कर दिया है।  आयोग द्वारा मंगलवार को जारी बयान में इस आशय के फैसले की जानकारी देते हुए बताया गया कि जल्द ही चुनाव की नई तारीख की घोषणा की जाएगी।  उल्लेखनीय है कि 25 फरवरी को आयोग द्वारा 17 राज्यों की 55 राज्यसभा सीटों के लिए 26 मार्च को चुनाव कराने की घोषणा की गई थी। 

आयोग ने बताया कि पूर्व निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के तहत 18 मार्च को नामांकन की अंतिम तिथि के बाद दस राज्यों की 37 सीटों के लिए एक एक उम्मीदवार के नामांकन दर्ज होने के कारण इन सीटों पर बिना चुनाव कराए उक्त उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया है। शेष 18 सीटों के लिए 26 मार्च को मतदान होना था। 

आयोग ने बताया कि कोरोना वायरस के कारण विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा 11 मार्च को वैश्विक महामारी की स्थिति घोषित किए जाने के बाद भारत सरकार ने भी स्वास्थ्य मंत्रालय सहित अन्य संबद्ध मंत्रालयों के माध्यम से इस वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए विभिन्न दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

आयोग ने कहा कि यातायात सहित अन्य सेवाओं पर अस्थाई रोक को देखते हुए राज्यसभा की सीटों पर होने वाले द्विवार्षिक चुनाव को स्थगित करने का फैसला किया गया है।  आयोग जल्द ही चुनाव की नई तारीख की घोषणा करेगा। आंध्र प्रदेश, गुजरात, झरखंड, मध्य प्रदेश, मणिपुर, मेघालय और राजस्थान की 18 सीटों पर 26 मार्च को चुनाव होना था।  (भाषा)

About Post Author


Share this news
Advertisements