गैर सब्सिडी वाला रसोई गैस सिलेंडर 162.50 रुपए सस्ता

Share this news

नई दिल्ली, 1 मई (भाषा) गैर-सब्सिडी वाला रसोई गैस सिलेंडर शुक्रवार से 162.50 रुपए सस्ता हो गया। बीते दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की कीमत गिरने के चलते यह लगातार तीसरे महीने रसोई गैस सिलेंडर के दाम में कमी की गई है।  

रसोई गैस ग्राहकों को सरकार सालभर में 14.2 किलोग्राम के 12 सिलेंडरों पर सब्सिडी देती है। जो ग्राहक इससे अधिक सिलेंडर खरीदते हैं या जिन्होंने अपनी सब्सिडी छोड़ दी है उन्हें बाजार मूल्य पर बिना सब्सिडी के सिलेंडर खरीदना होता है।  

कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने के लिए कई देशों में लॉकडाउन बंदी किया गया है। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की मांग घटी है जिसके चलते उसकी कीमतें रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई हैं।  

पिछले महीने ब्रेंट कच्चा तेल 15.98 डॉलर प्रति बैरल के रिकॉर्ड निचले स्तर तक चला गया था। यह दो दशक में कच्चे तेल की सबसे कम कीमत रही। शुक्रवार को ब्रेंट कच्चा तेल 26.43 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।  

सरकारी ईंधन कंपनियों की सूचना के अनुसार बिना सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमत घटने के बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर की कीमत 581.50 रुपए रह जाएगी। बृहस्पतिवार को यह 744 रुपए थी।  

गैर-सब्सिडी रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में यह जनवरी 2019 के बाद सबसे बड़ी कटौती है। तब सिलेंडर की कीमत 150.50 रुपए कम हुई थी। इससे पहले गैर-सब्सिडी सिलेंडर के दाम अप्रैल में 61.50 रुपए और मार्च में 53 रुपए कम हुए जबकि फरवरी में दाम 144.5 रुपए प्रति सिलेंडर बढ़ाए गए थे।

लेकिन मार्च से अब तक गैर-सब्सिडी सिलेंडर की कीमत में कुल 277 रुपए की कमी आ चुकी है। यह फरवरी में की गई वृद्धि से अधिक है। मुंबई में इस सिलेंडर की कीमत 714.50 रुपए से घटकर 579 रुपए रह गई। सूचना के अनुसार वाणिज्यिक उपयोग वाले 19 किलोग्राम के गैस सिलेंडर की कीमत 1,285 रुपए से घटकर 1,029.50 रुपए रह गई।

About Post Author


Share this news
Advertisements