कोविड-19 : इंदौर में मरीजों की संख्या 4,134 हुई, अब तक 182 मरीजों की मौत

सांकेतिक तस्वीर
Share this news

इंदौर,17 जून (भाषा) देश में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में पिछले 24 घंटे के दौरान इस महामारी के 44 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की कुल तादाद 4,090 से बढ़कर 4,134 हो गई है।

स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया, हमें पिछले 24 घंटे के दौरान 1,687 नमूनों की जांच में कोविड-19 के 44 नए मरीज मिले हैं।

अधिकारी ने बताया कि संक्रमित होने के बाद अलग-अलग अस्पतालों में इलाज के दौरान 83 वर्षीय महिला और 75 वर्षीय पुरुष समेत चार और मरीजों की मौत हो गई। बहरहाल, स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस बात का खुलासा नहीं किया गया है कि इन मरीजों की मौत किस तारीख को हुई।

मौत के चार और मामलों का ब्योरा दिए जाने के बाद जिले में कोविड-19 की चपेट में आकर दम तोड़ने वाले मरीजों की तादाद बढ़कर 182 पर पहुंच गई है।

अधिकारी ने बताया कि इलाज के बाद संक्रमण मुक्त होने पर अब तक जिले के 3,048 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।

सरकारी आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि जिले में मरीजों के उपचार के बाद उनके इस महामारी से उबरने की दर ‘रिकवरी रेट’ बुधवार सुबह की स्थिति में करीब 73 प्रतिशत थी, जबकि उनकी मृत्यु दर 4.4 फीसद दर्ज की गई।

आंकड़ों के मुताबिक जिले में कोविड-19 के नए मरीजों की तादाद में पिछले 16 दिनों में कमी आई है। लेकिन इनकी मृत्यु दर राष्ट्रीय औसत से ज्यादा बनी हुई है।

कोविड-19 का प्रकोप कायम रहने के कारण इंदौर जिला अब भी रेड जोन में ही है। जिले में इस प्रकोप की शुरुआत 24 मार्च से हुई, जब पहले चार मरीजों में इस महामारी की पुष्टि हुई थी।

About Post Author


Share this news
Advertisements