कोरोना वायरस : देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 94.62 लाख, अब तक करीब 88.89 लाख मरीज हुए ठीक

Share this news

नई दिल्ली, 01 दिसंबर (भाषा) केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मंगलवार को अद्यतन आंकड़ों के मुताबिक देश में कोविड-19 के 31,118 नए मामले आए। नए मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या 94.62 लाख से ज्यादा हो गई और स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 88,89,585 हो गई।

सुबह आठ बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों के अनुसार 482 और मरीजों की मौत हो गई। देश में संक्रमण के कारण अब तक 1,37,621 लोग दम तोड़ चुके हैं। संक्रमण से अब तक 88,89,585 लोग ठीक हो चुके हैं जिससे ठीक होने की दर 93.94 प्रतिशत हो गई है। कोविड-19 की मृत्यु दर 1.45 प्रतिशत है।

लगातार 21 वें दिन उपचाराधीन मरीजों की संख्या पांच लाख से नीचे है। देश में 4,35,603 मरीजों का उपचार चल रहा है जो कि संक्रमण के कुल मामलों का 4.60 प्रतिशत है।

भारत में कोविड-19 संक्रमितों की संख्या सात अगस्त को 20 लाख से ज्यादा हो गई थी। इसके बाद 23 अगस्त को संक्रमितों की संख्या 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख हो गई।

देश में 16 सितंबर को संक्रमितों की संख्या 50 लाख हो गई थी, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख और 29 अक्टूबर को संक्रमितों की संख्या 80 लाख से ज्यादा हो गई थी। इसके बाद 20 नवंबर को देश में कुल संक्रमितों की संख्या 90 लाख से ज्यादा हो गई थी।

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद आईसीएमआर के मुताबिक सोमवार को 9,69,332 नमूनों की जांच की गई और अब तक 14,13, 49,298 जांच की जा चुकी है।

About Post Author


Share this news
Advertisements