बलिया (उप्र) 22 नवंबर 2025 (भाषा)
उत्तर प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता माता प्रसाद पांडेय ने शनिवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) निकट भविष्य में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सत्ता से बाहर कर सकती है। समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता ने यह भी आरोप लगाया कि नीतीश कुमार को सत्ता से बाहर पर अपना सारा ध्यान केंद्रित करके भाजपा भारत को एक ऐसे राष्ट्र में बदलना चाहती है जहां कोई समभाव नहीं होगा।
माता प्रसाद पांडे ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
पांडेय ने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर आयोजित समारोह में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार पर निशाना साधा। पांडेय ने कहा, ‘‘सरकार की नीतियां बेरोजगारी को दूर करने की नहीं है। उनका नारा केवल हिंदुत्व है। वे हिंदुत्व के नाम पर सरकार चलाना चाहते हैं और धार्मिक अनुष्ठान करके लोगों को भ्रमित करना चाहते हैं।’’
नीतीश कुमार को सत्ता से बाहर कर सकती है भाजपा : पांडे
बिहार में भाजपा नेता सम्राट चौधरी (उप मुख्यमंत्री) को गृह मंत्री बनाने से जुड़े सवाल के जवाब में दावा किया है कि भाजपा आने वाले समय में नीतीश कुमार को बाहर कर सकती है। पांडेय ने कहा, ‘‘सम्राट चौधरी को गृह मंत्री बनाना उनका आंतरिक फैसला है और यह समझौते के तहत किया गया होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें लगता है कि कुछ दिन बाद उन्हें (नीतीश कुमार) बाहर भी किया जा सकता है।’’
उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष पांडेय ने कहा, ‘‘बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर भाजपा सरकार का ध्यान नहीं है। इनका सारा ध्यान हिंदुत्व के एजेंडे पर जोर देकर हमारे देश को एक ऐसे राष्ट्र में बदलने पर है, जहां समभाव न रहे।’’
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

