जम्मू कश्मीर में भारी बारिश, हिमपात के कारण प्रमुख राजमार्ग व सड़कें यातायात के लिए बंद

जम्मू कश्मीर में भारी बारिश, हिमपात के कारण प्रमुख राजमार्ग व सड़कें यातायात के लिए बंद
Share this news

जम्मू, 07 अक्टूबर 2025 (भाषा)

जम्मू कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बारिश और हिमपात के कारण हुए कई भूस्खलनों के बाद मंगलवार को जम्मू-श्रीनगर और श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्गों के साथ ही मुगल रोड और सिंथन टॉप सड़क पर यातायात स्थगित कर दिया गया।

जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद

यातायात विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जम्मू कश्मीर के 270 किलोमीटर लंबा जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग मंगलवार सुबह उधमपुर और बनिहाल के बीच कई स्थानों पर भूस्खलन और पत्थर गिरने के कारण वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया। यह कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला एकमात्र बारहमासी राजमार्ग है।

दोपहर तक नगरोटा में रुके वाहनों को आवाजाही की अनुमति

अधिकारी ने बताया कि सड़क को यथाशीघ्र वाहनों की आवाजाही के योग्य बनाने के लिए सड़क साफ करने वाली एजेंसियों को काम पर लगा दिया गया है। उन्होंने बताया कि उन्हें उम्मीद है कि दोपहर तक जम्मू के नगरोटा में रुके वाहनों को आवाजाही की अनुमति दे दी जाएगी।

मुगल रोड और सिंथन सड़क भी बंद

एक प्रवक्ता ने बताया कि 434 किलोमीटर लंबा श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही मुगल रोड और सिंथन सड़क भी बर्फ जमा होने के कारण बंद हैं। ये सड़कें कश्मीर और देश के बाकी हिस्सों के बीच वैकल्पिक संपर्क प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को सलाह दी जाती है कि जब तक सड़कों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बहाल नहीं हो जातीं, तब तक यात्रा न करें।

वैष्णो देवी और मचैल माता मंदिर की तीर्थयात्रा स्थगित

खराब मौसम के कारण रियासी जिले में जम्मू कश्मीर में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित वैष्णो देवी मंदिर और किश्तवाड़ जिले में मचैल माता मंदिर की तीर्थयात्रा मंगलवार को तीसरे दिन भी स्थगित रही। दोनों तीर्थयात्राएं बुधवार को बहाल होंगी। जम्मू संभाग में मंगलवार को दूसरे दिन भी सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहे।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements