बैतूल में ई-साइकिल की बैटरी में विस्फोट होने से दिव्यांग शिक्षक की मौत

बैतूल में ई-साइकिल की बैटरी में विस्फोट होने से दिव्यांग शिक्षक की मौत
Share this news

बैतूल (मप्र), 01 फरवरी 2026 (भाषा)

मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में सरकार द्वारा आवंटित एक ई-साइकिल की बैटरी फट जाने से 30 वर्षीय एक दिव्यांग शिक्षक की शनिवार को जलकर मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार देर शाम जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर सरनी कस्बे में जय स्तंभ चौक के पास हुई।

तिपहिया ई-साइकिल की फटी बैटरी

अधिकारी ने बताया कि सुनील कुमार लोखंडे उर्फ गुड्डू दिव्यांग था और ट्यूशन कक्षाएं देकर अपना गुजारा करता था। सरनी पुलिस थाने के प्रभारी ए के परतेती ने बताया कि सुनील की तिपहिया ई-साइकिल की बैटरी फट गई, जिससे आग लग गई और उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक दुकानदार ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था और सुनील को बचाया नहीं जा सका।

अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

15 साल पहले हो गए थे सुनील दिव्यांग

सुनील के भाई राजेश के अनुसार, सुनील करीब 15 साल पहले दिव्यांग हो गए थे। उन्होंने कहा कि वह बचपन से दिव्यांग नहीं थे और इंजीनियरिंग की पढ़ाई के दौरान जोड़ों में समस्या आने की वजह से उन्हें उठने-बैठने और चलने में दिक्कत होने लगी थी। सुनील की शादी नहीं हुई थी और वह बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर अपना खर्च चलाता था। राजेश ने बताया कि मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तीकरण योजना के तहत करीब ढाई साल पहले सुनील को बैटरी से चलने वाली तिपहिया साइकिल उपलब्ध कराई गई थी।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements