दमोह में बेटे की मौत से सदमे में आए माता-पिता ने भी ट्रेन के आगे लेटकर जान दी

दमोह में बेटे की मौत से सदमे में आए माता-पिता ने भी ट्रेन के आगे लेटकर जान दी
Share this news

दमोह, 30 अगस्त 2026 (भाषा)

मध्यप्रदेश के दमोह जिले में 30 वर्षीय बेटे द्वारा ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने से सदमे में आए उसके माता-पिता ने भी शुक्रवार को चलती ट्रेन के सामने लेटकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।

पारिवारिक विवाद में आत्महत्या की आशंका

पुलिस को प्रथमदृष्टया संदेह है कि पारिवारिक विवाद इन घटनाओं की वजह हो सकता है। पुलिस के अनुसार, हिंडोरिया थाना क्षेत्र के करैया गांव निवासी मुकेश अहिरवार ने दोपहर में दमोह-कटनी रेल मार्ग पर करैया रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन के आगे कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।

1 घंटे के भीतर उजड़ गया परिवार

पुलिस ने बताया कि बेटे की मौत की जानकारी मिलने के बाद उसके माता-पिता भारत अहिरवार (58) और उमा अहिरवार (55) घटनास्थल पर पहुंचे और बाद में वहां से करीब दो किलोमीटर दूर चले गए। इसके बाद दंपति रेलवे पटरी पर लेट गया और ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, ये तीनों घटनाएं करीब एक घंटे के भीतर हुईं।

रक्षाबंधन पर बहन को लेने गया था छोटा भाई

कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि मुकेश की आत्महत्या के कारण का तत्काल पता नहीं चल सका है। उन्होंने कहा कि प्रथमदृष्टया पारिवारिक विवाद को तीनों की मौत की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मुकेश जिला अस्पताल में सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करता था और उसकी शादी दो साल पहले हुई थी। घटना के समय उसका छोटा भाई दौलत रक्षाबंधन के लिए अपनी बहन को सागर से घर लाने गया हुआ था। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और इन मौतों के कारणों तथा परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements