पानी के बेकाबू टैंकर ने फ्लाईओवर पर कई वाहनों को टक्कर मारी, दो लोग घायल

पानी के बेकाबू टैंकर ने फ्लाईओवर पर कई वाहनों को टक्कर मारी, दो लोग घायल
Share this news

इंदौर (मध्यप्रदेश), 12 जून 2026 (भाषा)

इंदौर में बृहस्पतिवार को नगर निगम के पानी के बेकाबू टैंकर ने एक व्यस्त फ्लाईओवर पर बेकाबू होने के बाद कई वाहनों को टक्कर मार दी जिससे दो वाहन सवार घायल हो गए।

पटेल ब्रिज पर हुई घटना, दोनों घायल खतरे से बाहर

सेंट्रल कोतवाली थाना प्रभारी रवींद्र पाराशर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पटेल ब्रिज पर हुई घटना में घायल लोगों की पहचान विकास वर्मा और टिंकू चौहान के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि दोनों व्यक्ति कार में सवार थे और उनकी हालत खतरे से बाहर है। पाराशर ने बताया, ‘‘टैंकर चालक घटना के बाद फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।’’

फुटपाथ पर चढ़ा और रैलिंग के टकराकर रूका

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पानी से भरा नगर निगम का टैंकर पटेल ब्रिज से गुजर रहा था तभी चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टैंकर कई गाड़ियों को टक्कर मारता हुआ आगे बढ़ गया। उन्होंने बताया कि टैंकर फ्लाईओवर पर करीब 200 फुट आगे तक अनियंत्रित अवस्था में बढ़ता रहा और रास्ते में खड़े वाहनों को टक्कर मारता हुआ फ्लाईओवर की रैलिंग से टकराकर रुक गया। उनके अनुसार टैंकर फ्लाईओवर से नीचे नहीं गिरा जिससे बड़ा हादसा टल गया।

गुस्साए लोगों ने टैंकर में तोड़फोड़ कर दी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे में पांच कार, तीन मोटरसाइकिल और एक ठेला क्षतिग्रस्त हो गया। घटना से नाराज लोगों ने टैंकर में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलने पर सेंट्रल कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। पुलिस ने बताया कि घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है और इसकी जांच की जा रही है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements