जबलपुर में नर्मदा नदी में नहाने गए तीन दोस्तों की डूबने से मौत

जबलपुर में नर्मदा नदी में नहाने गए तीन दोस्तों की डूबने से मौत
Share this news

जबलपुर, 28 जून 2026 (भाषा)

मध्यप्रदेश के जबलपुर में शनिवार को नर्मदा नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब जाने से दो नाबालिगों समेत तीन लोगों की मौत हो गई।

एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे मृतक

गढा थानाक्षेत्र के मुजावर मोहल्ले के तीनों युवक दोस्त थे और घर-परिवार में बिना किसी को बताए अपराह्न तीन बजे के करीब तिलवारा थानाक्षेत्र में दद्दा घाट नहाने चले गए थे।

एक को बचाने 2 दोस्तों ने लगाई छलांग

तिलवारा के थाना प्रभारी बृजेष मिश्रा ने बताया कि दद्दा घाट में जलापूर्ति के लिए एक संयंत्र लगा हुआ है और उसके समीप नदी की गहराई अधिक है। उन्होंने कहा कि नहाते समय एक किशोर संयंत्र के समीप चला गया और गहरे पानी में डूबने लगा, तभी उसे बचाने के लिए उसके दोनों दोस्त भी गहरे पानी में चले गए और वे भी डूबने लगे। मिश्रा ने बताया कि तीनों को डूबता देख घाट के आसपास मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया लेकिन वे असफल रहे।

मृतकों की पहचान:

  • शेख साहिल (19)
  • मोईन खान (16) साल
  • शेख आशिक (15)

तीनों के शव बरामद

उन्होंने बताया कि पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तीनों की तलाश प्रारंभ की और दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उनके शव बाहर निकाले गये। उन्होंने कहा कि तीनों की डूबने के कारण मौत हो गयी थी। अधिकारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements