खरगोन, 30 जुलाई 2026 (भाषा)
मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में एक दम्पति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
घर में संदिग्ध हालत में मिले पति-पत्नी के शव
अधिकारी के मुताबिक यह घटना जिले के बलकवाड़ा थाना अंतर्गत खलटांका पुलिस चौकी क्षेत्र के सालिमपुरा गांव में बुधवार दोपहर में हुई। उन्होंने बताया कि सालिमपुरा निवासी 31 वर्षीय प्रवीण मुनिवर और उनकी 27 वर्षीय पत्नी शीला बाई बुधवार दोपहर अपने घर में मृत अवस्था में मिले जिसके बाद परिजन उन्हें कसरावद अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पत्ति के आत्मघाती कदम की वजह तलाश रही पुलिस
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शकुंतला रूहल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पुलिस की प्रारम्भिक जांच में सामने आया है कि दोनों की मौत जहर खाने से हुई है लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। उन्होंने कहा कि दम्पति ने यह कदम क्यों उठाया, इसके लिए बलकवाडा थाना पुलिस विवेचना कर रही है।
परिजनों और आसपास के लोगों के दर्ज होंगे बयान
उन्होंने कहा कि मृतक पति-पत्नी के परिजनों और आसपास के लोगों के बयान भी लिए जाएंगे। रूहल ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। उन्होंने कहा कि दोनों शवों का बुधवार की शाम पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

