पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर पूर्वाह्न 11 बजे लगभग 43 फीसदी मतदान

पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर पूर्वाह्न 11 बजे लगभग 43 फीसदी मतदान
Share this news

कोलकाता, 21 मई 2026 (भाषा)

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की फाल्टा विधानसभा सीट पर पुनर्मतदान बृहस्पतिवार सुबह से जारी है और पूर्वाह्न 11 बजे तक लगभग 43 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। कुल 2.36 लाख मतदाता मतदान करने के पात्र हैं, जिनमें 1.21 लाख पुरुष, 1.15 लाख महिला और नौ ट्रांसजेंडर शामिल हैं। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ।

EVM में हेराफेरी के आरोप, अब कड़ी सुरक्षा में दोबारा वोटिंग

ईवीएम में बड़े पैमाने पर हेराफेरी के आरोपों के बाद 29 अप्रैल को इस सीट पर हुए मतदान को रद्द कर दिया गया था। निर्वाचन आयोग ने पुनर्मतदान के लिए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। केंद्रीय बलों की लगभग 35 कंपनियां 285 मतदान केंद्रों पर तैनात हैं। इसके अतिरिक्त, किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने के लिए 30 त्वरित प्रतिक्रिया दल तैयार हैं।

मतदान शांतिपूर्ण : फाल्टा में कोई अप्रिय घटना नहीं

एक निर्वाचन अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘इस बार मतदान शांतिपूर्ण रहा है। फाल्टा में कहीं से भी कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतार देखी गई। पूर्वाह्न 11 बजे तक 42.83 प्रतिशत मतदान हो चुका है। यह एक अच्छा संकेत है।’’ विधानसभा क्षेत्र के 285 मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से ही बड़ी संख्या में मतदाता कतार में खड़े नजर आए।

जहांगीर खान ने छोड़ा मैदान, पर वापसी नहीं

तृणमूल कांग्रेस के जहांगीर खान सहित कुल छह उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। हालांकि, खान ने मंगलवार को चुनाव से पीछे हटने की घोषणा की थी। खान के पीछे हटने की घोषणा के बावजूद उनका नाम ईवीएम में दर्ज रहा, क्योंकि वह आधिकारिक तौर पर अपनी उम्मीदवारी वापस नहीं ले सके। अन्य उम्मीदवारों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के देबांग्शु पांडा, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के शंभूनाथ कुर्मी और कांग्रेस के अब्दुर रज्जाक मोल्ला शामिल हैं।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements