नरवर किले से 400 साल पुरानी तोप चोरी

नरवर किले से 400 साल पुरानी तोप चोरी
Share this news

शिवपुरी (मध्य प्रदेश), 17 जुलाई 2026 (भाषा)

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की नरवर तहसील स्थित ऐतिहासिक नरवर किले से लगभग 400 वर्ष पुरानी एक तोप चोरी हो गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रात के अंधेरे में घुसे बदमाश

पुलिस के अनुसार घटना बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात की है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अज्ञात बदमाश वाहन से किले के पिछले हिस्से तक पहुंचे और वहां रखी ऐतिहासिक तोप लेकर फरार हो गए।

अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरोह की भूमिका से इनकार नहीं- पुलिस

करैरा के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) प्रशांत शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा इसमें किसी अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह की संलिप्तता की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। एसडीओपी ने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुरातत्व विभाग ने मामले को माना अत्यंत गंभीर

राज्य पुरातत्व विभाग के उपनिदेशक तरुण कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मामला अत्यंत गंभीर है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं नरवर किले पहुंचकर निरीक्षण करेंगे तथा पुलिस के साथ समन्वय कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे, ताकि ऐतिहासिक धरोहर की बरामदगी सुनिश्चित की जा सके और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

पहले से ही नीचे गिरने की थी जानकारी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले किले की एक तोप अपने निर्धारित स्थान से नीचे गिरी हुई मिली थी, लेकिन उसे दोबारा सुरक्षित स्थान पर नहीं रखा गया था। अब उसी स्थान से वह तोप चोरी हो गई है।

बेहद अनमोल थी चोरी हुई तोप

अधिकारियों के अनुसार किले में पहले 14 ऐतिहासिक तोपें थीं, जिनमें से अब 13 बची हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, संभावित मार्गों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। चोरी गई तोप को ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements