रायसेन में बलात्कार का आरोपी अब तक फरार, लगातार पांचवें दिन जारी रहा विरोध प्रदर्शन

रायसेन में बलात्कार का आरोपी अब तक फरार, लगातार पांचवें दिन जारी रहा विरोध प्रदर्शन
Share this news

रायसेन/भोपाल, 27 नवंबर 2025 (भाषा)

मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में 21 नवंबर को छह वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म की घटना के आरोपी की अब तक गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित स्थानीय लोगों और विभिन्न हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जिले के अलग-अलग हिस्सों में बुधवार को लगातार पांचवें दिन विरोध प्रदर्शन किया।

घरों और प्रार्थना स्थलों पर पथराव

इस दौरान, जिले के गौहरगंज में कुछ शरारती तत्वों ने एक समुदाय विशेष के घरों और प्रार्थना स्थलों पर पथराव किया, जिससे स्थिति बिगड़ गई लेकिन पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लाठीचार्ज करके उन्हें खदेड़ दिया। जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुशे ने कहा कि किसी भी स्थिति में हालत नहीं बिगड़ने देंगे और आरोपी की जल्दी गिरफ्तारी होगी। उन्होंने सभी से शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की अपील की।

आरोपी का एनकाउंटर करने की मांग को लेकर प्रदर्शन

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रायसेन के हालात के मद्देनजर मंगलवार रात पुलिस मुख्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की और इस संवेदनशील मामले में त्वरित कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने रायसेन के पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय को हटा दिया लेकिन इसके बावजूद लोगों ने बुधवार को रायसेन, मंडीदीप रायसेन, सिलवानी, गौहरगंज और औबेदुल्लागंज सहित अन्य इलाकों में बाजार बंद रखे और आरोपी सलमान का एनकाउंटर करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बच्चियां शामिल

इन विरोध प्रदर्शनों में बड़ी संख्या में विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल समेत हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता शामिल हुए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कुछ प्रदर्शनकारियों ने हाथों में ‘बंटोगे तो कटोगे’ और ‘हिंदुओं जागो’ जैसे नारे लिखी तख्तियां ले रखीं थीं, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बच्चियां शामिल थीं। कुछ प्रदर्शनकारी ‘जय श्री राम’ के भी नारे लगा रहे थे और आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करके फांसी देने की मांग कर रहे थे।

क्या है मामला?

पुलिस के अनुसार, यह घटना 21 नवंबर की शाम गौहरगंज थाना क्षेत्र के पंजारा गांव में हुई, जब लड़की अपने पड़ोस के एक घर में खेल रही थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी लड़की को बहला-फुसलाकर पास के जंगल में ले गया, जहां उसने उसके साथ बलात्कार किया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि लड़की रोते हुए घर लौट आई। आरोपी की पहचान सलमान (23) के रूप में हुई है, जो सीहोर जिले का रहने वाला है।

लड़की को पड़ोसी ओबैदुल्लागंज के एक सरकारी अस्पताल में ले जाया गया था, लेकिन उसे तुरंत एम्स, भोपाल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

जीतू पटवारी ने की पीड़ित लड़की के परिजनों से मुलाकात

प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एम्स का दौरा किया और पीड़ित लड़की के परिजनों से मुलाकात की। बाद में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर प्रदेश सरकार को खरी-खरी सुनाई। उन्होंने कहा कि राज्य में आए दिन इस प्रकार की घटनाएं हो रही हैं और पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।

पटवारी ने कहा कि पुलिस अधीक्षक पर कार्रवाई करने से राज्य में यदि अपराध पर लगाम कसती है तो मुख्यमंत्री यादव को सभी पुलिस अधीक्षकों को हटा देना चाहिए। उन्होंने कहा, “ऐसी कार्रवाई लोगों को गुमराह करने के लिए है। अपराध रोकने के लिए पुलिस बल की संख्या बढ़ानी होगी, उन्हें अत्याधुनिक सुविधाएं मुहैया करानी होगी और तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा देना होगा, जिसमें मोहन सरकार विफल रही है।”

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements