मध्यप्रदेश में कांग्रेस के मिशन 2028 के लिए संगठन में जान फूंकने भोपाल आएंगे राहुल

Share this news

भोपाल (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार को मध्यप्रदेश की एकदिवसीय यात्रा पर राजधानी भोपाल आएंगे और मिशन 2028 के लिए पार्टी की जमीनी स्तर पर मजबूती तथा कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार करने के मकसद से शुरु होने वाले ‘संगठन सृजन अभियान’ का उद्घाटन करेंगे।

पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव और पूर्व सांसद सज्जन वर्मा ने सोमवार को यहां आयोजित एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी।

यादव ने कहा, ‘‘जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं में जोश भरने के उद्देश्य से ‘संगठन सृजन अभियान’ की शुरुआत हो रही है। हम राज्य में लंबे समय से सरकार में नहीं हैं और मिशन 2028 के तहत हम फिर से राज्य में अपनी सरकार बनाने के लिए काम करेंगे।’’

कांग्रेस कमलनाथ के नेतृत्व में दिसंबर 2018 से मार्च 2020 के बीच 15 महीने की संक्षिप्त अवधि के लिए राज्य की सत्ता में थी। इसे छोड़कर, कांग्रेस 2003 से मध्य प्रदेश में सत्ता से बाहर है। राज्य में अगला विधानसभा चुनाव 2028 में प्रस्तावित है।

उन्होंने कहा कि इस क्रम में राहुल गांधी की आगामी भोपाल यात्रा प्रदेश कांग्रेस के लिए ऐतिहासिक साबित होगी।

वर्मा ने इस अवसर पर कहा कि भोपाल पहुंचने के बाद राहुल गांधी सीधे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय आएंगे और राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक में हिस्सा लेंगे।

उन्होंने कहा कि इसके बाद वह सांसदों एवं विधायकों के साथ संवाद सत्र में हिस्सा लेंगे और फिर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों एवं प्रदेश कांग्रेस द्वारा नियुक्त प्रभारियों की बैठक में शिरकत करेंगे।

वर्मा ने कहा कि राहुल गांधी ने जब जाति आधारित जनगणना की मांग ‘बड़ी शिद्दत’ से उठाई तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उनका ‘मजाक’ उड़ाया लेकिन बाद में उन्हें ‘घुटने टेकने’ पड़े।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भोपाल यात्रा के दौरान जाति आधारित जनगणना के लिए उनका आभार व्यक्त किया जाएगा।

राहुल गांधी की इस यात्रा के मद्देनजर कांग्रेस पूरे जोर शोर से तैयारियों में जुटी हुई है और संगठन स्तर पर लगातार बैठकें भी कर रही है।

About Post Author


Share this news
Advertisements