– ओडिशा में तिरंगा यात्रा में शामिल हुए पीएम, भुवनेश्वर में किया रोड शो और रैली
भुवनेश्वर, (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के वाशिंगटन आने के निमंत्रण को अस्वीकार कर दिया और इसके बजाय भगवान जगन्नाथ की पवित्र भूमि ओडिशा आने का विकल्प चुना।
भुवनेश्वर में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, मैं जी 7 शिखर सम्मेलन के लिए कनाडा में था, जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने मुझे फोन किया और चर्चा तथा दोपहर के भोजन के लिए वाशिंगटन आमंत्रित किया। मैंने निमंत्रण के लिए उन्हें धन्यवाद दिया और कहा कि मुझे भगवान जगन्नाथ की भूमि ओडिशा जाना है। मैंने विनम्रतापूर्वक उनके निमंत्रण को अस्वीकार कर दिया।
मोदी ने राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार की पहली वर्षगांठ समारोह में भाग लिया और 18,600 करोड़ रुपये से अधिक की 105 विकास परियोजनाओं की शुरुआत की,ओडिशा दृष्टि दस्तावेज का अनावरण किया और नयी ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।उन्होंने लखपति दीदी सहित कई लोगों को सम्मानित भी किया।
ओडिशा में मोदी का यहां बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद प्रधानमंत्री तिरंगा यात्रा और रोड शो में शामिल हुए।प्रधानमंत्री का काफिला जब हवाई अड्डे से जनता मैदान जा रहा था, तब सड़क के दोनों किनारे हजारों की संख्या में लोग उनकी एक झलक पाने के लिए खड़े थे और भारत माता की जयऔर मोदी जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे।

