भोपाल, 21 जून 2025 — भारत में यूनिसेफ की प्रतिनिधि सिंथिया मैककैफ्रे ने शुक्रवार को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से उनके आवास पर मुलाकात की और राज्य सरकार द्वारा महिलाओं और बच्चों के लिए चलाए जा रहे कल्याणकारी कार्यक्रमों की सराहना की।
यूनिसेफ ने सराहा देवी अहिल्या मिशन और एमएचएम योजनाएं
सिंथिया ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार नाबालिग लड़कियों के लिए नकद सहायता, मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन (MHM), और देवी अहिल्या सशक्तिकरण मिशन जैसे कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से लागू कर रही है। उन्होंने इसे महिला और बाल अधिकारों की दिशा में एक सशक्त प्रयास बताया।
कुपोषण पर सरकार का फोकस
यूनिसेफ प्रतिनिधि ने मुख्यमंत्री को राज्य में सीएमएएम (CMAM) कार्यक्रम को लागू करने में योगदान के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि यूनिसेफ इस दिशा में सहयोग जारी रखेगा। मुख्यमंत्री यादव ने भी कहा कि कुपोषण को दूर करना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए मिशन मोड में कार्य होगा।
“हर बच्चे के कल्याण के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है,” मुख्यमंत्री यादव ने कहा।
यूनिसेफ ने सौंपीं योजनाएं
सिंथिया ने इस दौरान यूनिसेफ और स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर के विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई स्थानिक योजनाएं भी मुख्यमंत्री को सौंपीं।

