मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों के लिए ‘ऑरेंज’ और ‘येलो’ अलर्ट जारी

मध्यप्रदेश बारिश अलर्ट
Share this news

मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी

भोपाल, 26 जून (भाषा)। मध्यप्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बृहस्पतिवार को बारिश हुई और यह सिलसिला आगे भी जारी रहने की संभावना है।


आईएमडी का पूर्वानुमान: कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटे में राज्य के पांच जिलों में बहुत भारी बारिश और 16 अन्य जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।


बीते 24 घंटे में सभी जिलों में गरज के साथ बारिश

आईएमडी ने कहा कि बृहस्पतिवार सुबह 8.30 बजे समाप्त हुए 24 घंटे की अवधि में राज्य के सभी जिलों में गरज के साथ बारिश हुई।


अलीराजपुर में बहुत भारी बारिश, कई जिलों में जलभराव

अलीराजपुर में बहुत भारी बारिश हुई जबकि टीकमगढ़, नीमच, सीहोर, धार, हरदा और बड़वानी जिलों में भारी बारिश हुई। बारिश के कारण जबलपुर के कुछ हिस्सों में जलभराव हो गया और यात्रियों को जलमग्न सड़कों से होकर गुजरना पड़ा।


भारी और बहुत भारी बारिश की परिभाषा

गौरतलब है कि 24 घंटे में 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक की बारिश को ‘भारी बारिश’ और 115.6 मिमी से 204.4 मिमी बारिश को ‘बहुत भारी बारिश’ की श्रेणी में रखा जाता है।


‘ऑरेंज’ अलर्ट वाले जिले

आईएमडी के भोपाल कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि राज्य के पांच जिलों – अलीराजपुर, झाबुआ, बालाघाट, मंडला और धार में अलग-अलग स्थानों पर शुक्रवार सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटे के लिए बहुत भारी बारिश का ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है।


‘येलो’ अलर्ट वाले जिले

इसी तरह इंदौर, दमोह, जबलपुर, नरसिंहपुर, पन्ना, सागर, सिवनी, बड़वानी, देवास, मंदसौर, नर्मदापुरम, रायसेन, रतलाम, सीहोर, उज्जैन और विदिशा में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का ‘येलो’ अलर्ट जारी किया गया है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements