पुरी में एआई युक्त कैमरों की निगरानी में निकलेगी रथयात्रा, छतों पर तैनात रहेंगे एनएसजी के निशानेबाज

पुरी रथ यात्रा सुरक्षा
Share this news

रथयात्रा के लिए 10 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात


पुरी, 26 जून , समुद्र तटीय तीर्थ नगरी पुरी में 27 जून को भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथयात्रा के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करते हुए करीब 10 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किये गये हैं। पुलिस ने बुधवार को जानकारी दी।


250 से अधिक एआई युक्त कैमरे लगाए गए
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा, निगरानी के लिए शहर में विभिन्न स्थानों पर 250 से अधिक कृत्रिम मेधा (एआई) युक्त कैमरे लगाए गए हैं।


श्रद्धालुओं की भीड़ के लिए रिहर्सल
उन्होंने बताया कि केंद्रीय सशस्त्र बलों सहित सुरक्षाकर्मियों ने भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ की एक झलक पाने के लिए देश-विदेश से शहर में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को संभालने तथा खुद को तैयार करने के लिए बुधवार को एक रिहर्सल में भाग लिया।


साल में एक बार होता है मंदिर से बाहर दर्शन
रथयात्रा के दौरान देवताओं को साल में एक बार 12वीं सदी में निर्मित इस मंदिर से बाहर लाया जाता है। भगवान के दर्शन के लिए इस मंदिर में पूरे साल हजारों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं।


पहलगाम हमले के बाद सुरक्षा सख्त
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद इस साल की रथयात्रा का आयोजन हो रहा है इसलिए विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की गई है।


एकीकृत नियंत्रण कक्ष और एआई निगरानी प्रणाली
ओडिशा के डीजीपी वाई बी खुरानिया ने कहा, ‘‘पुरी में पहली बार एक एकीकृत कमान और नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। उत्तरा चक और पुरी शहर के बीच तथा पुरी और कोणार्क के बीच मार्ग पर लगभग 275 एआई-सक्षम सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों से लाइव विजुअल की चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी।’’


भीड़ और यातायात पर नजर रखेगा एआई
खुरानिया ने कहा कि एआई संचालित निगरानी प्रणाली यातायात की गतिविधियों, भीड़ की बढ़ती संख्या पर नजर रखेगी और सुरक्षाकर्मियों को तत्काल निर्णय लेने और किसी भी आपात स्थिति का सामना करने में मदद करेगी।


छतों पर एनएसजी स्नाइपर्स और ड्रोन निगरानी
डीजीपी ने कहा कि खतरे के आकलन के बाद पहली बार इमारतों की छतों पर एनएसजी (राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड) के निशानेबाज (स्नाइपर्स) भी तैनात किए गए हैं। हवाई निगरानी के लिए ड्रोन रोधी तकनीक और पुलिस संचालित ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जाएगा।


बम निरोधक, श्वान और तोड़फोड़ रोधी टीमें तैनात
उन्होंने कहा कि तोड़फोड़ रोधी टीमें, बम निरोधक दस्ते और श्वान दस्तों को भी तैनात किया गया है।


सुरक्षाकर्मियों में ओडिशा पुलिस और CAPF शामिल
त्योहार के लिए तैनात किए गए 10,000 सुरक्षाकर्मियों में ओडिशा पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की आठ कंपनियां शामिल हैं।


समुद्री सुरक्षा भी सुनिश्चित की गई
उन्होंने कहा कि समुद्र के किनारे पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ओडिशा की मरीन पुलिस, तटरक्षक बल और भारतीय नौसेना की तैनाती की गई है।


रियल-टाइम चैटबॉट एप्लिकेशन लॉन्च
खुरानिया ने कहा कि आगंतुकों को पार्किंग की उपलब्धता, रूट मैप और खाली पार्किंग स्थलों की जानकारी देने में सहायता के लिए एक रियल-टाइम चैटबॉट एप्लिकेशन भी लॉन्च किया गया है।


15 लाख श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना
त्योहार के पहले और दूसरे दिन करीब 15 लाख लोगों के जुटने की उम्मीद करते हुए डीजीपी खुरानिया ने कहा कि भक्तों की सेवा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।


अनुभवी पुलिस अधिकारी तैनात
उन्होंने कहा, ‘‘श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। रथ यात्रा की ड्यूटी के लिए अनुभवी पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है।’’


गुंडिचा मंदिर और रथों की विशेष सुरक्षा
खुफिया निदेशक आर पी कोचे ने बताया कि चूंकि श्री जगन्नाथ मंदिर उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में स्थित है, इसलिए रथयात्रा के दौरान इसका महत्व काफी बढ़ जाता है। कोचे ने बताया कि श्री गुंडिचा मंदिर और तीनों रथों के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।


भीड़ नियंत्रण और प्रशासनिक सहयोग
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (आधुनिकीकरण) सौमेंद्र प्रियदर्शी ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए समुचित व्यवस्था की गई है। एडीजी (कानून व्यवस्था) संजय कुमार ने कहा कि रथ यात्रा को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों का सहयोग आवश्यक है। श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा 27 जून को शुरू होकर आठ जुलाई को समाप्त होगी।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements