मध्यप्रदेश : ग्वालियर-बेंगलुरु सीधी रेल सेवा हुई शुरू

ग्वालियर-बेंगलुरु सीधी रेल सेवा हुई शुरू
Share this news


भोपाल, 26 जून (भाषा)। मध्यप्रदेश के ग्वालियर और कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के बीच बृहस्पतिवार को सीधी रेल सेवा की शुरुआत की गई।


डिजिटल माध्यम से ट्रेन को दिखाई गई हरी झंडी

मुख्यमंत्री मोहन यादव, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने डिजिटल के माध्यम से ‘ग्वालियर-एसएमवीटी बेंगलुरु’ साप्ताहिक एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


युवाओं और छात्रों के लिए लाभकारी सेवा


मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि इस रेल सेवा से ग्वालियर-चंबल अंचल को एक बड़ी ट्रेन सुविधा उपलब्ध हुई है। उन्होंने कहा, ‘‘अब अंचल के लोग ग्वालियर से ट्रेन द्वारा सीधे बेंगलुरु पहुंच सकेंगे। युवाओं के लिये यह विशेष तौर पर सौगात है।’’


आईटी क्षेत्र के छात्रों को होगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साप्ताहिक रेल सेवा से आईटी के क्षेत्र में अध्ययन कर रहे छात्र-छात्राओं को विशेष लाभ मिलेगा।


वर्चुअल रूप से तीनों नेता जुड़े कार्यक्रम से
यादव इस कार्यक्रम में जबलपुर से जुड़े जबकि वैष्णव नयी दिल्ली से और सिंधिया ग्वालियर से।


रेल विकास में केंद्र सरकार की भूमिका
यादव ने कहा कि केंद्र सरकार ने मध्यप्रदेश को रेलवे सुविधाओं के क्षेत्र में अनेक सौगातें दी हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य ने रेलवे के क्षेत्र में विकास के कई आयाम छुए हैं।


माधवराव सिंधिया को याद किया गया
उन्होंने कहा कि पूर्व केन्द्रीय मंत्री दिवंगत माधवराव सिंधिया के समय से ग्वालियर-अंचल को रेल सुविधाओं का जो सिलसिला प्रारंभ हुआ है, उसी कड़ी में आज ग्वालियर से बेंगलुरु के लिये नयी ट्रेन सुविधा मिली है।


ग्वालियर में होगी मंत्रिमंडल की बैठक
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ग्वालियर में शीघ्र ही मंत्रिमंडल की बैठक का आयोजन किया जाएगा।


रेल मंत्री वैष्णव का बयान
रेल मंत्री वैष्णव ने कहा कि ग्वालियर-बेंगलुरु ट्रेन सेवा का शुरू होना ग्वालियर-चंबल अंचल के लिये ‘बड़ी सौगात’ है।


मप्र को मिली 24 हजार करोड़ की परियोजनाएं
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि रेलवे के क्षेत्र में मध्यप्रदेश के लिये अनेक कार्य स्वीकृत किए गए हैं और पिछले वर्ष में ही 24 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं मध्यप्रदेश को प्रदान की गई हैं।


सिंहस्थ के लिए रेल मंत्रालय की तैयारी
उन्होंने बताया कि उज्जैन में सिंहस्थ के मद्देनजर श्रद्धालुओं को उज्जैन तक पहुंचाने के लिये भी रेल मंत्रालय सार्थक प्रयास करेगा।


सिंधिया ने बताया ऐतिहासिक दिन
केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर के लिये आज ‘ऐतिहासिक’ दिन है।


ग्वालियर से दक्षिण भारत का सीधा संपर्क
उन्होंने कहा ग्वालियर को दक्षिण से जोड़ने के लिये नयी रेल सुविधा से ग्वालियर-चंबल संभाग के हजारों लोगों को अब सीधे बेंगलुरु पहुंचने में परेशानी नहीं होगी।


विश्वेश्वरैया का विशेष उल्लेख
सिंधिया ने कहा कि बेंगलुरु रेलवे स्टेशन महान इंजीनियर विश्वेश्वरैया के नाम पर है और यह सौभाग्य की बात है कि ग्वालियर की प्यास बुझाने वाले तिघरा बांध का डिजाइन भी महान इंजीनियर विश्वेश्वरैया ने ही तैयार की थी।


ग्वालियर और आसपास के 40 लाख नागरिकों को लाभ
उन्होंने कहा कि नयी रेल सुविधा से न केवल ग्वालियर बल्कि शिवपुरी, गुना, अशोकनगर के लगभग 40 लाख नागरिकों को सुविधा उपलब्ध होगी।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements