महिलाएं और बच्चे धरने पर बैठे, इरकॉन-रेलवे के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, आवागमन हुआ बंद,रेलवे ने बंद किया रेल फाटक, नवनिर्मित रेल अंडरपास में कमर से भरा पानी
कटनी 27 जून 2025 (दैमप्र)
कटनी की पाठक कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार को उस वक्त भारी आक्रोश देखने को मिला, जब बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और बच्चे अपने घरों से निकलकर डीजल शेड के सामने रेलवे ट्रैक पर धरने पर बैठ गए। क्षेत्रवासियों ने रेलवे प्रशासन और इरकॉन कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, ओवरब्रिज की अपनी लंबे समय से लंबित मांग को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।
रेलवे ट्रैक के कारण मुख्य सड़क मार्ग पूर्णत: बंद
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि रेलवे लाइन के कारण मुख्य सड़क मार्ग को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है, जिससे उनकी आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो रही है। उनकी मुख्य चिंता एक नव-निर्मित अंडरब्रिज को लेकर है, जो बारिश के दिनों में पूरी तरह से जलमग्न हो जाता है। बारिश के चार महीने यह अंडरब्रिज तालाब बन जाता है। हमें स्कूल, अस्पताल या अपने रोज़मर्रा के कामों के लिए कहीं भी आने-जाने में भारी परेशानी होती है, एक प्रदर्शनकारी महिला ने बताया। बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति और भी विकट हो जाती है, क्योंकि उन्हें जलभराव वाले अंडरब्रिज से गुज़रने में काफी जोखिम उठाना पड़ता है।
क्षेत्रवासियों की मांग : नए ओवरब्रिज का निर्माण
क्षेत्रवासियों की एकमात्र मांग है कि उनकी सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द एक ओवरब्रिज का निर्माण किया जाए। उनका कहना है कि एक ओवरब्रिज ही इस समस्या का स्थायी समाधान है और इससे उन्हें सुरक्षित और सुविधाजनक आवाजाही मिलेगी।
प्रदर्शनकारियों की चेतावनी : तत्काल कार्रवाई नहीं तो आंदोलन और अधिक उग्र
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर तत्काल कार्रवाई नहीं की गई तो उनका आंदोलन और अधिक उग्र होगा। उन्होंने यह भी धमकी दी कि यदि सुनवाई नहीं हुई तो वे रेल यातायात को भी पूरी तरह से बाधित कर देंगे।
इरकॉन कंपनी के मैनेजर राधा कृष्णा
मौके पर पहुंचे इरकॉन कंपनी के मैनेजर राधा कृष्णा से जब मीडियाकर्मियों ने बात करनी चाही तो वे कैमरे देखकर यह कहते नज़र आए कि उन्हें कोई भी बयान देने का अधिकार नहीं है। उनके इस जवाब ने प्रदर्शनकारियों के गुस्से को और बढ़ा दिया।
रेल ग्रेडसेपरेटर : रेलवे के लिए फायदेमंद,शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अभिशाप
गौरतलब है कि सिंगरौली-बीना-बिलासपुर रेलखंड पर रेलवे के द्वारा बनाए जा रहे रेल ग्रेडसेपरेटर रेलवे के लिए तो फायदेमंद है लेकिन यह शहर से लेकर शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्रों के लिए किसी अभिशाप से कम नहीं है। ग्रेडसेपरेटर के निर्माण में लगी इरकान व एलएंडटी कंपनियों के भारी भरकम वाहनों व पोकलेन मशीनों के आवागमन से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की अधिकांश सड़के बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं हैं और उनमें आवागमन करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
राहगीर रोज हो रहे घायल
राहगीर रोज इन सड़कों पर गिर कर घायल हो रहे हैं लेकिन इरकान व एलएंडटी कंपनी के अधिकारियों सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों के कानों में जू तक नहीं रेंग रही है। वहीं रेलवे के द्वारा शहर से लगी हिरवारा ग्राम पंचायत के झलवारा स्टेशन के पास स्थित रेल फाटक को बंद करने के लिए एक ऐसे रेल अंडरपास का निर्माण कराया गया है जो पहली बरसात में ही कमर से भर गया है।

नितिन पांडे के नेतृत्व में रेल ट्रैक पर प्रदर्शन
रेलवे फाटक बंद हो जाने तथा नवनिर्मित रेल अंडर पास में कमर से बारिश का पानी भर जाने के कारण कई गांव के लोग परेशान हो रहे हैं। काफी दिनों से चली आ रही इस परेशानी का हल न किए जाने से आक्रोशित लोग गुरुवार को देवरीहटाई भाजपा मंडल के अध्यक्ष नितिन पांडे के नेतृत्व में रेल ट्रैक पर आकर बैठ गए और धरना प्रदर्शन करते हुए रेलवे से रास्ता दिए जाने की मांग की। आक्रोशित ग्रामीण रेल ट्रैक पर डटे हुए थे।
कटनी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

