रोज़गारोन्मुखी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा किसी भी देश की मूल शक्ति होती है : मोहन यादव

रोज़गारोन्मुखी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा किसी भी देश की मूल शक्ति होती है : मोहन यादव
Share this news

भोपाल, 11 जुलाई 2025 (भाषा)

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि रोज़गारोन्मुखी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा किसी भी देश की मूल शक्ति होती है।


गुरु पूर्णिमा उत्सव कार्यक्रम : सीएम मोहन यादव

वह गुरु पूर्णिमा के अवसर पर राज्य की राजधानी भोपाल में शासकीय कमला नेहरू संदीपनि विद्यालय के सर्वसुविधायुक्त नए भवन का उद्घाटन करने के बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल में, दुनिया के कई देशों को भारतीय ज्ञान से लाभ हुआ क्योंकि इसमें ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना समाहित थी।

उन्होंने कहा, ‘‘वर्तमान में, भारत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में अपने स्वर्णिम काल से गुजर रहा है। मध्यप्रदेश सरकार बच्चों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा और सभी सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।’’

मध्यप्रदेश के सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए यादव ने कहा कि राज्य में 369 संदीपनि विद्यालय चल रहे हैं जहां शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है तथा ऐसे संस्थान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के केंद्र बनकर उभरे हैं।


विद्यालयों को पांच-पांच लाख रुपये प्रदान करेगी सरकार

यादव ने कहा कि सरकार महू, देवास और नरसिंहपुर के विद्यालयों को बेहतर शैक्षिक प्रबंधन के विकास एवं शत-प्रतिशत परिणाम प्राप्त करने के लिए पांच-पांच लाख रुपये प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को ‘‘कुलगुरु’’ की उपाधि दी गई है, क्योंकि ‘गुरु ही हमें अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाते हैं।’


डॉ. यादव ने बच्चों को वितरण की निःशुल्क साइकिल

यादव ने समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत स्कूली बच्चों को निःशुल्क साइकिल वितरण के दो दिवसीय अभियान का शुभारंभ करते हुए 50 विद्यार्थियों को प्रतीक स्वरूप निःशुल्क साइकिलें वितरित कीं। विद्यार्थियों ने अपनी खुशी का इज़हार किया और साइकिल की घंटियां बजाकर यादव का अभिवादन किया। अभियान के पहले दिन, राज्य भर के विभिन्न जिलों में विद्यार्थियों को 4.30 लाख साइकिलें वितरित की गईं।

स्कूली शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए संदीपनि स्कूलों में सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements