जबलपुर : घर में मृत मिली महिला प्रोफेसर, खून से लथपथ मिला शव

जबलपुर : घर में मृत मिली महिला प्रोफेसर, खून से लथपथ मिला शव
Share this news

जबलपुर, 12 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के जबलपुर शहर में एक सरकारी कॉलेज की 55 वर्षीय प्रोफेसर अपने घर पर मृत मिली। महिला प्रोफेसर के शरीर पर चोट के कई निशान थे। ‘गवर्नमेंट होम साइंस कॉलेज’ की प्रोफेसर प्रज्ञा अग्रवाल का शव गढ़ा थानाक्षेत्र के अंबर विहार इलाके स्थित उनके ही आवास में खून से लथपथ पाया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने संवाददाताओं को बताया कि पूर्वाह्व करीब 10 बजे घर पहुंची एक घरेलू सहायिका ने शव को देखा और पड़ोसियों को इसकी सूचना दी।

अग्रवाल अविवाहित थीं और घर में अकेली रहती थीं। महिला की दाहिनी कलाई कटी हुई थी और उसकी गर्दन पर भी एक छोटा सा घाव था। पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटनास्थल से फोरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और मृतका के परिचितों से पूछताछ की जा रही है।

नगर पुलिस अधीक्षक आशीष जैन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का संकेत मिलता है लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चलेगा।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements