इंदौर, 12 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के शहरी विकास को रफ्तार देने के लिए इंदौर में आयोजित ‘मध्यप्रदेश ग्रोथ कॉन्क्लेव’ सम्मेलन में सरकारी और निजी क्षेत्रों की परियोजनाओं में कुल 30,000 करोड़ रुपये के निवेश की राह प्रशस्त हुई।
सम्मेलन में सरकारी और निजी क्षेत्रों के 1,500 से अधिक निवेशक, उद्योगपति और कॉर्पोरेट प्रतिनिधि शामिल हुए।
14,000 लोगों को मिलेगा रोजगार : मध्यप्रदेश ग्रोथ कॉन्क्लेव
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संवाददाताओं को बताया कि सम्मेलन के दौरान 15 कंपनियों के कुल 12,473 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर चर्चा की कई जिनके अमल में आने पर 14,000 से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलेगा। सम्मेलन के दौरान सूबे के सर्वांगीण शहरी विकास के लिए 12,360 करोड़ रुपये की सौगात दी गई जिसमें आवास, जलप्रदाय, सीवरेज और बुनियादी ढांचे के विकास की सरकारी योजनाओं के लिए अंतरित धनराशि शामिल हैं।
मुख्यमंत्री यादव ने राज्य सरकार के एक दिवसीय सम्मेलन के दौरान होटल उद्योग, पर्यटन, रियल एस्टेट और बुनियादी ढांचा जैसे क्षेत्रों के प्रमुख निवेशकों से संवाद भी किया।
राज्य में 30,000 करोड़ के निवेश की राह प्रशस्त

मुख्यमंत्री ने बताया,‘‘सम्मेलन के दौरान राज्य में कुल 30,000 करोड़ रुपये के निवेश की राह प्रशस्त हुई। इसमें सरकारी व निजी क्षेत्रों की नयी परियोजनाओं के करार, भूमिपूजन और अलग-अलग सरकारी योजनाओं का अनुदान वितरण तथा राशि का अंतरण शामिल है।’’
यादव ने कहा कि राज्य को सुनियोजित शहरीकरण के अगले दौर में पहुंचाने के लिए प्रमुख शहरों के आस-पास के क्षेत्रों को मिलाकर मेट्रोपोलिटन प्राधिकरण बनाए जा रहे हैं।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

