प्रदेश की सभी बहनें हमारा मान हैं, अभिमान हैं : मोहन यादव

प्रदेश की सभी बहनें हमारा मान हैं, अभिमान हैं : मोहन यादव
Share this news

सीएम मोहन यादव ने 1.27 करोड़ लाड़ली बहनों को 1543.16 करोड़ रुपए किए अंतरित

उज्जैन, 13 जुलाई 2025 (एजेंसी) 

सीएम मोहन यादव ने प्रदेश की 1.27 करोड़ लाडली बहनों को 26वीं किश्त के रूप में 1543.16 करोड़ रुपए की सहायता राशि उनके बैंक खातों में अंतरित की।  सीएम मोहन यादव ने कहा है कि राखी भाई-बहन के परस्पर स्नेह का बंधन है। राखी 9 अगस्त को है। इसलिए राखी से पहले हमारी सरकार सभी लाड़ली बहनों को 250 रुपए की अतिरिक्त राशि शगुन के रूप में देगी।


सिलेंडर रिफिलिंग/सब्सिडी तथा पेंशन राशि भी की अंतरित

मोहन यादव ने 30 लाख से अधिक बहनों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत सिलेंडर रिफिलिंग के लिए 46.34 करोड़ रुपए सब्सिडी राशि तथा 56.74 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों को 340 करोड़ रुपए की पेंशन राशि भी उनके बैंक खातों में अंतरित की।

सभी बहनें हमारा मान और अभिमान : मोहन यादव

सीएम यादव ने कहा कि प्रदेश की सभी बहनें हमारा मान हैं, अभिमान हैं। इनके मान-सम्मान और कल्याण के लिए हम कोई कसर नहीं रखेंगे। दीपावली के बाद आने वाली भाईदूज तक राज्य सरकार सभी लाड़ली बहनों को 1250 रुपए से बढ़ाकर हर माह 1500 रूपए सहायता राशि देगी। और धीरे-धीरे यह राशि बढ़ाकर 3000 रूपये प्रतिमाह कर दी जाएगी।


बहनों ने बाँधी मोहन यादव को राखी

लाड़ली बहनों का पुष्पवर्षा के साथ अभिवादन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित माता-बहनों ने पवित्र श्रावण मास में मोहन यादव को राखी बांधी। बहनों की ओर से मुख्यमंत्री को एक विशाल राखी भी भेंट की गई।

चार करोड़ से अधिक पक्के मकानों की रजिस्ट्री हो रही है बहनों के नाम पर

डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश की हर लाड़ली बहनों को पक्का मकान भी बनाकर देंगे। देश की सभी बहनों को पक्के घर की सौगात मिले, इसके लिए पीएम आवास योजना के तहत निर्मित 4 करोड़ से अधिक पक्के मकानों की रजिस्ट्री बहनों के नाम से ही की जा रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में बहनें मायके और ससुराल दोनों को धन्य करती हैं। बहनें देश का सौभाग्य हैं।


अब मजरे-टोलों तक भी बनेगी सड़कें

मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में अब तक 5 लाख किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण किया गया है। सिर्फ गांव-कस्बों तक ही नहीं, अब हम प्रदेश के सभी मजरे-टोलों तक भी पक्की सड़कें बनाने जा रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने पहली बार गांव-गांव को पक्की सड़क से जोड़ने का अभियान शुरू किया था। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किसानों के लिए सम्मान निधि शुरू की गई है।

किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान पर सोलर पंप

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार ‘हर खेत को पानी, हर हाथ को काम’ की भावना से काम कर रही है। प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना के तहत प्रदेश के सभी किसानों को भारी भरकम बिजली बिल से मुक्ति दिलाने के लिए 90 प्रतिशत अनुदान पर सोलर पंप दिए जा रहे हैं।


कार्यक्रम में अन्य वरिष्ठ नेता भी रहें उपस्थित

कार्यक्रम में कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा उज्जैन जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौतम टेटवाल, उज्जैन लोकसभा सांसद श्री अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, उज्जैन के विधायकगण श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, श्री सतीश मालवीय, श्री तेज बहादुर चौहान, श्री जितेंद्र सिंह पण्ड्या, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कमल कुंवर देवड़ा सहित जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें उपस्थित थीं।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements