झालावाड़ (राजस्थान), 25 जुलाई 2025 (भाषा)
राजस्थान के झालावाड़ जिले में शुक्रवार को सरकारी स्कूल की इमारत का एक हिस्सा ढहने से सात बच्चों की मौत हो गई और 28 अन्य घायल हो गए।
क्या है घटना?
घटना जिले के मनोहरथाना ब्लॉक के पीपलोदी सरकारी स्कूल में हुई जब बच्चे सुबह की प्रार्थना के लिए इकट्ठा हो रहे थे, तभी छठी और सातवीं कक्षा की छत ढहने से इमारत का हिस्सा ढह गया। घटना के बाद मलबे का ढेर लग गया, घबराए हुए शिक्षक, अभिभावकों व आसपास के अन्य लोगों ने बचाव का कार्य शुरू करते हुए बच्चों को मलबे से निकालना आरंभ किया।
पुलिस को सुबह करीब 7:45 बजे सूचना दी गई। जयपुर से लगभग 340 किलोमीटर दूर झालावाड़ के मनोहरथाना ब्लॉक के इस सरकारी स्कूल हादसे में जान गंवाने वाले वाले पांच बच्चों की पहचान हो गई है।
मृतक बच्चों की पहचान:
- कुंदर
- कान्हा
- रैदास
- अनुराधा
- बादल भील
घायलों को झालावाड़ अस्पताल और मनोहरथाना स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया शोक व्यक्त
राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राजस्थान के झालावाड़ में एक विद्यालय की छत गिरने से कई विद्यार्थियों की मृत्यु और घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद है। मेरी प्रार्थना है कि ईश्वर शोक संतप्त परिजनों को यह पीड़ा सहन करने की शक्ति प्रदान करे। ’’उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस दुर्घटना में घायल हुए विद्यार्थियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया शोक व्यक्त
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राजस्थान के झालावाड़ में एक स्कूल में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं प्रभावित छात्रों और उनके परिवारों के साथ हैं।’’उन्होंने कहा, ‘‘घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्राधिकारी पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।’’
प्रशासन पर फूटे स्थानीय निवासी
गुस्साए स्थानीय निवासियों ने कहा कि उन्होंने स्कूल भवन की हालत के बारे में तहसीलदार और उपखंड अधिकारी सूचित किया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। स्थानीय निवासी बालकिशन ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “यह प्रशासन की लापरवाही के कारण हुआ। “एक अन्य स्थानीय निवासी ने दावा किया कि प्रशासनिक मदद पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने फंसे बच्चों को निकालकर निजी वाहनों से स्वास्थ्य केंद्र पहुँचा दिया था।
राजस्थान के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया शोक व्यक्त
मुख्यमंत्री शर्मा ने ‘एक्स’ पर लिखा, “झालावाड़ के पीपलोदी में विद्यालय की छत गिरने से हुआ दर्दनाक हादसा अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। घायल बच्चों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है।’उन्होंने लिखा, “ईश्वर दिवंगत दिव्य आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति दें।”
झालावाड़ के जिला कलेक्टर अजय सिंह के अनुसार, जिला प्रशासन ने हाल ही में शिक्षा विभाग को किसी भी जर्जर स्कूल भवन की जानकारी देने का निर्देश दिया था, लेकिन यह भवन सूची में शामिल नहीं था। सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “मैं इसकी जांच करवाऊंगा और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।”
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी हादसे पर दुख जताया है।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

