सीधी में दलित युवती से सामूहिक दुष्कर्म, कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

सीधी में दलित युवती से सामूहिक दुष्कर्म, कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
Share this news

सीधी (मध्यप्रदेश), 07 अगस्त 2025 (भाषा)

मध्यप्रदेश के सीधी जिले में अपने मंगेतर के साथ घूमने निकली एक आदिवासी दलित युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया, जिसके बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, वहीं एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें लगाई गई हैं।


मंगेतर के साथ घूमने निकली थी युवती

चुरहट थाना निवासी पीड़ित युवती अपने मंगेतर के साथ मंगलवार को घूमने निकली थी और इसी दौरान वे कठौतहा के समीप सड़क पर मोटरसाइकिल खड़ी कर पहाड़ की ओर चले गए। मौका देखकर चार आरोपी भी उनके पास पहुंच गए और युवक को मारपीट करके वहां से भगा दिया। इसके बाद आरोपियों ने एक-एक कर युवती से दुष्कर्म किया। उन्होंने बताया कि किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद युवती अपने मंगेतर के पास पहुंची और फिर दोनों ने सेमरिया थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम की सूचना दी। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज करते हुए युवक व युवती को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरिया भेज दिया।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार पर साधा निशाना

इस बीच, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस घटना को शर्मनाक और मानवता को कलंकित करने वाली बताया और कहा कि यह प्रदेश में कानून-व्यवस्था की ‘भयावह स्थिति’ को भी उजागर करती है।

उन्होंने कहा, ‘‘बीते तीन वर्ष में ही मध्यप्रदेश में 7,418 दलित और आदिवासी महिलाओं के साथ बलात्कार, 338 सामूहिक बलात्कार और 558 हत्याओं की घटनाएं दर्ज हुई हैं। औसतन हर दिन सात दलित या आदिवासी बेटियां इस क्रूरता का शिकार हो रही हैं। यह आंकड़े ही भाजपा सरकार की विफलता को प्रमाणित करते हैं।’’ पटवारी ने आरोप लगाया कि सरकार की निष्क्रियता, अपराधियों के बढ़ते हौसले और पीड़ितों को न्याय न मिलने के कारण दलितों, आदिवासियों और महिलाओं के उत्पीड़न की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements