केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर आपत्ति जताने को लेकर विपक्षी दलों की शुक्रवार को आलोचना की और कहा कि घुसपैठियों को ‘‘वोट देने का कोई अधिकार नहीं है।’’ शाह ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी राज्य में एसआईआर कवायद पर राजनीति कर रहे हैं।
अमित शाह ने सीतामढ़ी जानकी मंदिर में रखीं आधारशिला
गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के सीतामढ़ी ज़िले के पुनौराधाम में जानकी मंदिर के पुनर्विकास की आधारशिला रखी। पुनौराधाम को माता सीता का जन्मस्थान माना जाता है। शाह ने मंदिर के पुनर्विकास के लिए भूमि पूजन किया।
कुल राशि में से 137 करोड़ रुपये पुराने मंदिर और उसके परिसर के विकास पर खर्च किए जायेंगे, जबकि 728 करोड़ रुपये पर्यटन संबंधी गतिविधियों पर खर्च किए जायेंगे। इसके अलावा, 10 वर्षों तक व्यापक रखरखाव पर 16 करोड़ रुपये खर्च किए जायेंगे। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (बीएसटीडीसी) इस परियोजना का क्रियान्वयन करेगा।
कार्यक्रम में कई नेता रहे उपस्थित
इस परियोजना के शिलान्यास समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, कई केंद्रीय मंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी शामिल हुए। इस परियोजना की कुल लागत 882.87 करोड़ रुपये से अधिक है।
अमृत भारत एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी
शाह ने सीतामढी-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई और जानकी मंदिर के डिजाइन का अनावरण किया।राज्य मंत्रिमंडल ने एक जुलाई को मंदिर परिसर के एकीकृत विकास के लिए 882.87 करोड़ रुपये की मंजूरी दी थी।
शाह ने दिया राहुल के आरोपों का जवाब
सीतामढ़ी जिले के पुनौराधाम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, ‘‘घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने चाहिए। उन्हें वोट देने का कोई अधिकार नहीं है। लेकिन बिहार में राजद और कांग्रेस एसआईआर का विरोध कर रहे हैं क्योंकि घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं।’’ शाह ने यह भी कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में राजग सरकार बनाएगा। शाह ने यह भी आरोप लगाया कि राजद ने राज्य में अपने शासन के दौरान ‘‘गुंडागर्दी’’ को बढ़ावा दिया।