नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि इस साल 4.14 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर में दर्शन किए हैं। शाह ने वार्षिक तीर्थयात्रा के सफल समापन के लिए सुरक्षाबलों और आयोजकों की सराहना की।
4.14 लाख श्रद्धालुओं ने किए अमरनाथ गुफा मंदिर के दर्शन
गृह मंत्री ने कहा इस वर्ष अमरनाथ गुफा मंदिर में स्थित ‘बाबा बर्फानी’ के 4.14 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में पवित्र अमरनाथ तीर्थयात्रा को ‘‘भारतीय संस्कृति की अटूट परंपरा और आस्था की प्रतीक’’ बताया।
शाह ने की सुरक्षाबलों और आयोजकों की सराहना
उन्होंने कहा, ‘‘ इस यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने में अपना योगदान देने के लिए मैं सभी सुरक्षा बलों, श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड, जम्मू-कश्मीर प्रशासन एवं स्वयंसेवी संस्थाओं को बधाई देता हूं। इस पवित्र यात्रा को सफल बनाने में आप सभी का योगदान सराहनीय व अद्वितीय रहा। बाबा बर्फानी सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें।’’
3 जुलाई को शुरू हुई थी अमरनाथ तीर्थयात्रा
दक्षिण कश्मीर हिमालय में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ मंदिर की तीर्थयात्रा तीन जुलाई को शुरू हुई थी और दो अगस्त को संपन्न हुई थी।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

