देश की एकता व अखंडता पर कुदृष्टि रखने वालों को भारत ने उन्हीं की भाषा में जवाब दिया : मोहन यादव

देश की एकता व अखंडता पर कुदृष्टि रखने वालों को भारत ने उन्हीं की भाषा में जवाब दिया : मोहन यादव
Share this news

भोपाल, 16 अगस्त 2025 (भाषा /एजेंसी)

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को 79वें स्वतंत्रता दिवस पर यहां राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और कहा कि देश की एकता व अखंडता पर कुदृष्टि रखने वालों को भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से समझा दिया कि वे जिस भाषा में समझें, जवाब उसी भाषा में दिया जाएगा।

राजधानी भोपाल के ऐतिहासिक लाल परेड मैदान में लगातार दूसरी बार स्वतंत्रता दिवस समारोह की अगुवाई करते हुए मोहन यादव ने कहा कि भारत विश्व में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यह जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।


शहीदों और बलिदानियों के त्याग और समर्पण का किया स्मरण

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 79वें में स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए सर्वप्रथम स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को आदरांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की माटी ऐसे अनगिनत जननायकों की जन्मभूमि रही है, जिन्होंने मां भारती की रक्षा में सर्वस्व न्यौछावर किया।


ऑपरेशन सिंदूर से विश्व, भारत की शक्ति और सामर्थ्य से हुआ परिचित

ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से विश्व ने भारत की शक्ति देखी है। युद्ध में नई तकनीक को अपनाने की बात हो या सेना का आधुनिकीकरण हो या फिर उन्हें अस्त्र-शस्त्र उपलब्ध कराने का काम। प्रधानमंत्री मोदी ने कोई कसर नहीं छोड़ी।” देश और धर्म की खातिर जो जरुरी हो, हम वही बात बोलेंगे।”

प्रधानमंत्री मोदी के 11 वर्ष रहे ‘अभूतपूर्व’ उपलब्धियों के

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में मोदी के 11 वर्ष ‘अभूतपूर्व’ उपलब्धियों के रहे हैं और इस दौरान ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के सिद्धांतों से प्रेरित होकर समावेशी विकास को प्राथमिकता दी गई।उन्होंने कहा कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ का आह्वान 140 करोड़ भारतीयों का ‘अटल संकल्प’ और है यह अपने बलबूते खड़े होने तथा नवाचार से अपनी ज़रूरतें पूरी कर अपनी क्षमता को विश्व के साथ साझा करने का मंत्र भी है।


आत्मनिर्भर भारत का रास्ता स्वदेशी और समर्पण से ही होगा साकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ एक जीवंत आंदोलन है और यह स्वदेशी और समर्पण से ही साकार होगा। उन्होंने कहा, “करोड़ों भारतवासियों के साथ मध्यप्रदेश इस संकल्प को पूर्ण करने का माध्यम बन रहा है।” उन्होंने कहा कि जिस तरह से खादी के एक धागे ने स्वतंत्रता संग्राम को शक्ति दी, वैसे ही स्वदेशी हमें विकसित भारत की ओर ले जाएगा।


5 वर्ष में 2,25,000 रोजगार देने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में प्रति व्यक्ति आय 1,39,000 वार्षिक से बढ़कर 2024-25 में 1,52,000 हो गई है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार गरीब, युवा महिला और किसानों के कल्याण के लिए संकल्पित है और अगले 5 वर्ष में 2,25,000 रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि निवेश हितैषी इकोसिस्टम के कारण मध्यप्रदेश में निवेश में भी लगातार वृद्धि हो रही है और लोगों को रोजगार उपलब्ध हो रहा है।

उज्जैन में होने वाला सिंहस्थ होगा अभूतपूर्व

उन्होंने कहा कि उज्जैन में होने वाला सिंहस्थ अभूतपूर्व होगा और इसके लिए व्यापक पैमाने पर तैयारी चल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हवाई संपर्क को बढ़ावा देने के लिए बुनियादी ढांचा तेजी से बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में सिंचित क्षेत्र में काफी वृद्धि हुई है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements