वैश्विक स्तर पर बढ़ रहा आर्थिक स्वार्थ, ‘समृद्ध भारत’ के लिए आत्मनिर्भरता ज़रूरी : प्रधानमंत्री मोदी

वैश्विक स्तर पर बढ़ रहा आर्थिक स्वार्थ, ‘समृद्ध भारत’ के लिए आत्मनिर्भरता ज़रूरी : प्रधानमंत्री मोदी
Share this news

हाईलाइट्स

1. प्रधानमंत्री मोदी ने 12वीं बार लाल किले पर तिरंगा फहराया।

2. प्रधानमंत्री मोदी ने ‘सुदर्शन चक्र’ मिशन की घोषणा की।

3. प्रधानमंत्री ने लाल किले की प्राचीर से कहा भारत अब ‘न्यूक्लियर ब्लैकमैल’ नहीं सहेगा।

नयी दिल्ली, 16 अगस्त 2025 (भाषा)

प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को लड़ाकू जेट इंजन से लेकर ऊर्जा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता तक के क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बनकर “समृद्ध भारत” बनाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री मोदी ने अगली पीढ़ी के सुधारों के लिए एक कार्यबल का गठन करने, दिवाली के लिए बड़े उपहार के रूप में जीएसटी में बदलाव और “सुदर्शन चक्र” नामक अत्याधुनिक रक्षा कवच की घोषणा की।

लाल किले की प्राचीर से अपने लगातार 12 वें स्वतंत्रता दिवस संबोधन में आत्मनिर्भरता पर ऐसे समय में विशेष जोर दिया, जब भारत और दुनिया बढ़ते अमेरिकी संरक्षणवाद का सामना कर रही है।


प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की घोषणाएं कीं

भारत की पहली सेमीकंडक्टर चिप बनाने से लेकर जेट इंजन बनाने और परमाणु ऊर्जा के दस गुना विस्तार तक, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर देश को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की राह पर अग्रसर करने के लक्ष्य वाली घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि सुधारों पर गठित कार्यबल 2047 तक भारत को विकसित बनाने के लिए समयबद्ध सिफारिशें करेगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और नवाचार का आह्वान

सेमीकंडक्टर, सोशल मीडिया, उर्वरक और फार्मा सहित विभिन्न क्षेत्रों में ‘‘स्वदेशी’, आत्मनिर्भरता और नवाचार का उनका व्यापक आह्वान ऐसे समय में आया, जब देश के अमेरिका के साथ संबंधों में तनाव है और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 50 प्रतिशत ‘टैरिफ’(शुल्क) लगाने का फैसला किया है। मोदी ने कहा, ‘‘हम सभी जो उत्पादन के क्षेत्र में लगे हैं, उन सबका मंत्र होना चाहिए, दाम कम, लेकिन दम ज्यादा। हमारे हर उत्पाद का दम ज्यादा हो, लेकिन दाम कम हो, इस भाव को लेकर के हमें आगे बढ़ना है।’’


देश नहीं करेगा घुसपैठियों को बर्दाश्त

प्रधानमंत्री मोदी ने घुसपैठ के जरिए देश की जनसांख्यिकी बदलने की एक पूर्व-नियोजित साजिश के प्रति आगाह किया और इस समस्या से निपटने के लिए एक उच्च-स्तरीय जनसांख्यिकी मिशन की घोषणा करते हुए कहा कि कोई भी देश घुसपैठियों को बर्दाश्त नहीं कर सकता। प्रधानमंत्री ने लाल किले की प्राचीर से पाकिस्तान को दो टूक शब्दों में कहा कि आतंकवादियों और उनको पालने-पोसने वालों के बीच कोई फर्क नहीं किया जाएगा और अगर दुश्मनों ने आगे भी कोई हिमाकत की, तो मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा तथा भारत अब ‘न्यूक्लियर ब्लैकमैल’ नहीं सहेगा।

सिंधु जल समझौता अन्यायपूर्ण और एकतरफा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सिंधु जल समझौता ‘अन्यायपूर्ण और एकतरफा’ है, जो भारत को मंजूर नहीं है। प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान के साथ सिंधु जल समझौते को ‘अन्यायपूर्ण और एकतरफा’ करार देते हुए कहा कि सिंधु नदी के जल पर भारत और उसके किसानों का एकमात्र अधिकार है। मोदी ने कहा कि इस संधि ने भारत में कृषि को भारी नुकसान पहुंचाया है।

उन्होंने कहा कि इस संधि की वजह से सिंधु के जल से ‘‘हमारे दुश्मनों के खेतों की सिंचाई होती है, जबकि मेरे देश की धरती और मेरे देश के किसान प्यासे रहते हैं।’’


‘सुदर्शन चक्र’ मिशन

प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा कवच को मजबूत और आधुनिक बनाने के लिए ‘सुदर्शन चक्र’ मिशन शुरू किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के महत्वपूर्ण सैन्य और नागरिक प्रतिष्ठानों की रक्षा करने और किसी भी दुश्मन के खतरे की स्थिति में निर्णायक प्रतिक्रिया देने के लिए स्वदेशी रक्षा कवच विकसित करने के वास्ते 10 वर्षीय परियोजना की शुक्रवार को घोषणा की।


प्रधानमंत्री ने स्वच्छ ऊर्जा की जरूरत पर दिया जोर

प्रधानमंत्री ने स्वच्छ ऊर्जा की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि भारत ने 2030 के मूल लक्ष्य से पांच साल पहले ही स्वच्छ ऊर्जा में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल कर ली है। उन्होंने कहा, ‘‘हम परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में और सुधार ला रहे हैं, इसे निजी भागीदारी के लिए खोल दिया गया है।’’

‘नेशनल डीपवाटर एक्सप्लोरेशन मिशन’

लाल किले की प्राचीर से अपने संबोधन में यह भी कहा कि ‘नेशनल डीपवाटर एक्सप्लोरेशन मिशन’ शुरू किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने ‘क्रिटिकल मिनरल’ के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि इनकी खोज के लिए ‘नेशनल क्रिटिकल मिनरल मिशन’ के तहत 1200 से अधिक स्थानों पर काम शुरू किया गया है।


दुनिया ‘ग्लोबल वार्मिंग’ को लेकर चिंतित

मोदी ने कहा कि जहां एक ओर दुनिया ‘ग्लोबल वार्मिंग’ (वैश्विक तापमान वृद्धि) को लेकर चिंतित है, वहीं भारत ने गैर-जीवाश्म आधारित ऊर्जा स्रोतों से अपनी कुल स्थापित बिजली क्षमता का 50 प्रतिशत प्राप्त करने का महत्वाकांक्षी जलवायु लक्ष्य निर्धारित समय से पांच वर्ष पहले ही हासिल कर लिया है।

देश को हमारे अंतरिक्ष क्षेत्र पर गर्व : प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कहा कि भारत अंतरिक्ष क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने और अपना खुद का अंतरिक्ष स्टेशन बनाने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘देश को हमारे अंतरिक्ष क्षेत्र पर गर्व है। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष स्टेशन से वापस आ गए हैं… आने वाले दिनों में वह भारत लौट आएंगे।’’


पीएम मोदी ने फहराया तिरंगा

पीएम मोदी ने लाल किले पर तिरंगा फहराया और लाल किले की प्राचीर से अपने संबोधन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की स्थापना के 100 साल पूरा होने का उल्लेख किया और कहा कि इस संगठन की राष्ट्रसेवा की यात्रा पर देश गर्व करता है। उन्होंने यह भी कहा कि आरएसएस दुनिया का सबसे बड़ा एनजीओ है और यह प्रेरणा देता रहेगा।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements