मुंबई में दही हांडी उत्सव के दौरान दो लोगों की मौत, 95 घायल

मुंबई में दही हांडी उत्सव के दौरान दो लोगों की मौत, 95 घायल
Share this news

मुंबई, 16 अगस्त 2025 (भाषा)

मुंबई के घाटकोपर इलाके के एक अस्पताल में चिकित्सकों ने 14 साल के एक ‘गोविंदा’ को मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद शनिवार को शहर में दही हांडी उत्सव के दौरान मरने वालों की संख्या दो हो गई।


पीलिया बीमारी के कारण एक की मौत

गांवदेवी गोविंदा पथक का हिस्सा रोहन मोहन मालवी अंधेरी पूर्व के आदर्श नगर इलाके में एक टेम्पो में बैठे हुए बेहोश हो गया। उन्होंने बताया कि रोहन को हाल ही में पीलिया हुआ था, जिसकी वजह से उसने दही-हांडी फोड़ने की रस्म में हिस्सा नहीं लिया। उन्होंने कहा, “रोहन को घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।”


दही हांडी बांधते समय हुई थी एक और मौत

इससे पहले मुंबई के मानखुर्द में शनिवार दोपहर को दही हांडी बांधते समय गिरने से 32 वर्षीय एक ‘गोविंदा’ की मौत हो गई। मृतक की पहचान जगमोहन शिवकिरण चौधरी के रूप में हुई। जगमोहन महाराष्ट्र नगर स्थित अपने घर की पहली मंजिल की खिड़की से रस्सी के सहारे ‘दही हांडी’ बांधने की कोशिश के दौरान इमारत से नीचे गिर गया। चौधरी को नगर निगम द्वारा संचालित शताब्दी गोवंडी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


95 लोगों घायल, दो की हालत गंभीर

अधिकारियों ने बताया कि रात नौ बजे तक उत्सव के दौरान घायल हुए लोगों की संख्या 95 थी, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। “95 ‘गोविंदा’ में से 76 को उपचार के बाद (अस्पतालों से) छुट्टी दे दी गई, जबकि 19 अस्पताल में भर्ती हैं।”


जानिए दही हांडी उत्सव में ‘गोविंदा’ का अर्थ

दही हांडी उत्सव में ‘गोविंदा’ का अर्थ उन लोगों से है, जो पिरामिड बनाकर दही हांडी (ऊंचाई पर लटकी हुई दही और मक्खन से भरी मटकी) को फोड़ने की कोशिश करते हैं।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements