खरगोन, 24 अगस्त 2025 (भाषा)
मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के करही कस्बे में 10 वर्षीय एक बच्ची पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया, हालांकि स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने उसे बचा लिया।
यह घटना शुक्रवार शाम रेस्ट हाउस रोड पर उस समय हुई जब बच्ची कुछ सामान खरीदने जा रही थी। इसी दौरान पांच-छह कुत्तों ने उस पर झपट्टा मारा और उसे गिरा दिया, जबकि उनमें से एक ने उसके पैर पर काट लिया।
स्थानीय निवासी और दुकानदार उसकी मदद के लिए दौड़े और कुत्तों को भगाया। प्रत्यक्षदर्शी हिमांशु डोंगरे ने कहा, ‘‘अगर लोग उसे बचाने के लिए नहीं दौड़ते, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।’’
करही नगर परिषद के अध्यक्ष नंदकिशोर ने शनिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह घटना चिंताजनक है और टीकाकरण व नसबंदी के लिए कुत्तों को पकड़ने के वास्ते एक विशेष अभियान चलाया जाएगा।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

