गडकरी ने चार बाघ अभयारण्यों को जोड़ने वाले कॉरिडोर की घोषणा की
हाईलाइट्स
| 1. जबलपुर में बने फ्लाईओवर से 7 किमी की दूरी सात मिनट में होगी तय। 2. 2000 करोड़ से ज्यादा लागत वाली सड़क परियोजनाओं का भी शिलान्यास। 3. 255 किलोमीटर लंबा ‘ग्रीनफील्ड हाईवे’ की घोषणा। |
जबलपुर, 24 अगस्त 2025 (भाषा)
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को जबलपुर में राज्य के सबसे लंबे ‘सिंगल स्पान केबल स्टे ब्रिज’ वाले फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। केंद्रीय मंत्री ने इसके साथ ही अन्य सड़क परियोजनाओं की भी सौगात दी।
फ्लाईओवर की विशेषता
लगभग 1,200 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह फ्लाईओवर आधुनिक शहरी यातायात प्रबंधन और विकास में एक बड़ी उपलब्धि है। इस फ्लाईओवर की एक प्रमुख विशेषता रेलवे लाइन पर बना 192 मीटर लंबा सिंगल स्पान केबल स्टे ब्रिज है। इस कॉरिडोर में तीन बो-स्ट्रिंग ब्रिज हैं, जिनमें दो रानीताल में और एक बलदेवबाग में हैं। प्रत्येक बो-स्ट्रिंग ब्रिज 70 मीटर लंबा और पूरी तरह से स्टील से बना है।
हरियाली को बढ़ावा देने और प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए फ्लाईओवर के नीचे 50 हजार पौधे लगाए गए हैं। साथ ही इसके नीचे बास्केटबॉल कोर्ट, ओपन जिम और बच्चों के लिए पार्क जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। यात्रा को आसान बनाने के लिए दस दिशा-सूचक लगाए गए हैं। सात किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर से मदन महल और दमोह नाका के बीच यात्रा का समय वर्तमान 40-45 मिनट से घटकर केवल छह से सात मिनट रह जाएगा।

नितिन गडकरी ने ‘ग्रीनफील्ड हाईवे’ की घोषणा
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मध्यप्रदेश के चार बाघ अभयारण्यों को जोड़ने वाले 5,500 करोड़ रुपये के चार लेन वाले कॉरिडोर और भोपाल व जबलपुर के बीच 15 हजार करोड़ रुपये के ‘ग्रीनफील्ड हाईवे’ की घोषणा की।
बाघ अभयारण्यों को जोड़ने वाले कॉरिडोर की मांग
जबलपुर के सांसद आशीष दुबे, राज्य के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और राज्य के अन्य सांसदों ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य के बाघ अभयारण्यों को जोड़ने वाले कॉरिडोर की मांग की थी।
कान्हा, बांधवगढ़, पन्ना और पेंच रिजर्व को जोड़ेगा
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “टाइगर कॉरिडोर’ की लागत 4,600 करोड़ रुपये से बढ़कर लगभग 5,500 करोड़ रुपये हो गई है। यह कान्हा, बांधवगढ़, पन्ना और पेंच अभयारण्यों को जोड़ेगा।” उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन, रोजगार और राज्य की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।

255 किलोमीटर लंबा ‘ग्रीनफील्ड हाईवे’ बनेगा
वर्ष 2022 की जनगणना के अनुसार, मध्यप्रदेश में सबसे ज़्यादा 785 बाघ हैं। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भोपाल और जबलपुर के बीच 255 किलोमीटर लंबा ‘ग्रीनफील्ड हाईवे’ 15 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) दिसंबर तक तैयार हो जाएगी।
गडकरी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव और मंत्री राकेश सिंह से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया सुचारू रूप से सुनिश्चित करने को कहा ताकि अगले अप्रैल या मई तक निर्माण कार्य शुरू हो सके।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

