भोपाल, 27 मई 2026 (भाषा)
भोपाल के दाऊदी बोहरा समाज ने मंगलवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार बेहद अकीदत, सादगी और हर्षोल्लास के साथ मनाया तथा देश-दुनिया में अमन-चैन की दुआ मांगी।
देश-दुनिया में अमन-चैन की मांगी दुआ
भोपाल के दाऊदी बोहरा समाज के मीडिया समन्वयक इब्राहिम अली दाऊदी ने एक बयान में बताया कि इस अवसर पर समाज के लोगों ने सुबह की विशेष नमाज़ (खुतबा) अदा की और देश-दुनिया में अमन, चैन, तरक्की तथा आपसी भाईचारे के लिए दुआ मांगी।
बच्चों से लेकर बड़ों तक उत्साह
दाऊदी ने बताया कि अलीगंज स्थित हैदरी मस्जिद और शहर में बोहरा समाज की अन्य मस्जिदों में समाज के लोग सुबह नमाज के लिए एकत्रित हुए। उन्होंने कहा कि इस दौरान बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी में त्योहार को लेकर उत्साह देखा गया।
प्रशासन के सहयोग से शांतिपूर्ण आयोजन
दाऊदी ने बताया कि पूरे मध्यप्रदेश में बोहरा समाज के 50 हजार से अधिक लोग हैं, जिनमें 10 हजार से अधिक केवल भोपाल में ही हैं। उन्होंने सभी नागरिकों, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगर निगम को बकरीद के इस सफल और शांतिपूर्ण आयोजन में पूर्ण सहयोग प्रदान करने के लिए धन्यवाद दिया।
बोहरा समाज मिस्री-हिजरी कैलेंडर के अनुसार अपने पर्व और त्योहार मनाता है। देशभर में मुस्लिम समुदाय 28 मई को बकरीद मनाएगा।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

