इंदौर (मध्यप्रदेश), 07 सितंबर 2025 (भाषा)
राजा रघुवंशी हत्याकांड में मेघालय की एक अदालत में आरोप पत्र पेश किए जाने के बाद पीड़ित परिजनों ने शनिवार को कहा कि मामले की मुख्य आरोपी व रघुवंशी की विधवा सोनम और चार अन्य आरोपियों को मौत की सजा दी जानी चाहिए।
मेघालय पुलिस ने किया अदालत में आरोप पत्र दाखिल
राजा रघुवंशी हत्याकांड मामले में मेघालय पुलिस ने सोहरा की एक अदालत में शुक्रवार को 790 पन्नों का आरोप पत्र दाखिल किया। आरोप पत्र में राजा रघुवंशी की विधवा सोनम और उसके प्रेमी राज कुशवाह और कुशवाह के तीन दोस्तों-विशाल सिंह चौहान, आकाश सिंह राजपूत और आनंद कुर्मी के नाम शामिल हैं।
पांचों लोगों पर राजा रघुवंशी की हत्या का आरोप
पांचों लोगों पर भारतीय न्याय संहिता के संबद्ध प्रावधानों के तहत आपराधिक साजिश के तहत राजा रघुवंशी की हत्या और इस वारदात के सबूत नष्ट करने के आरोप लगाए गए हैं।
आरोप पत्र पर विपिन रघुवंशी ने दी पहली प्रतिक्रिया
आरोप पत्र पर पहली प्रतिक्रिया में राजा रघुवंशी के बड़े भाई विपिन रघुवंशी ने इंदौर में ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा,‘‘मेरे पूरे परिवार की एक ही मांग है कि सोनम और कुशवाह समेत पांचों आरोपियों को अदालत से फांसी की सजा मिलनी चाहिए।’’ विपिन ने कहा कि उन्होंने फिलहाल विस्तृत आरोप पत्र देखा नहीं है, लेकिन उनका परिवार राजा रघुवंशी हत्याकांड में मेघालय पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट है और उन्हें पूरी उम्मीद है कि पांचों आरोपियों के खिलाफ पुख्ता आरोप पत्र तैयार किया गया होगा।
विपिन रघुवंशी ने लगाया सोनम के भाई पर आरोप
बहरहाल, आरोप पत्र पेश होने के बाद राजा के भाई विपिन ने कहा,‘‘सोनम और उसका पूरा परिवार झूठा है। सोनम के भाई गोविंद ने अपना कारोबार बचाने के लिए मीडिया के सामने साफ झूठ बोला था कि मेरे (दिवंगत) भाई राजा को इंसाफ दिलाने के लिए वह मेरे परिवार के साथ खड़ा रहेगा, लेकिन इस बारे में उसने आज तक कोई पहल नहीं की है। हमें तो यह पता चला है कि उसने अपनी बहन सोनम को बचाने के लिए वकील नियुक्त किया है।’’
विपिन ने बताया कि हत्याकांड के शिकार अपने भाई को इंसाफ दिलाने के लिए उनके परिवार ने भी वकील नियुक्त किया है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

