भोपाल, 11 सितंबर 2025 (भाषा)
मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव और सिंधिया ने उपराष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन की जीत की बधाई दी और कहा कि उनका जीवन लोगों के कल्याण के लिए समर्पित रहा है। उनके नेतृत्व में देश प्रगति के पथ पर अग्रसर रहेगा।
राधाकृष्णन को 452 वोट जबकि रेड्डी को 300 वोट
अनुभवी नेता राधाकृष्णन (67) ने मंगलवार को उपराष्ट्रपति चुनाव में 452 वोट हासिल किए, जबकि विपक्ष के उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले।
राधाकृष्णन पद की गरिमा बढ़ाने के लिए करेंगे काम : मोहन यादव
यादव ने विश्वास जताया कि राधाकृष्णन उपराष्ट्रपति पद की गरिमा बढ़ाने की दिशा में काम करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में देश प्रगति की नयी ऊंचाइयों को छू रहा है। इसे नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति का मार्गदर्शन भी मिलेगा।’’
सिंधिया ने बधाई देते हुए कही ये बात
सिंधिया ने संवाददाताओं से कहा, “मैं दिल से हमारे उपराष्ट्रपति को बधाई देना चाहता हूं। उनकी बड़ी जीत इस बात का सबूत है कि उन्होंने हमेशा लोगों की सेवा की है। उन्होंने सांसद, (भाजपा के) प्रदेश अध्यक्ष और राज्यपाल जैसे कई अहम पद संभाले हैं। उनका लोगों की सेवा करने का लंबा इतिहास रहा है।” उन्होंने कहा, “न केवल राज्यसभा का कामकाज, बल्कि संविधान भी उनके हाथों में है और संविधान के आधार पर भारत को आगे ले जाने की ज़िम्मेदारी भी आज उनके कंधों पर है।”
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

