हाइलाइट्स
1 भारत ने एशिया कप टी20 के सुपर चार मैच में पाकिस्तान को छह विकेट से हराया और महत्वपूर्ण जीत हासिल की।
2 अभिषेक शर्मा ने 74 रन की तेज पारी खेली और शुभमन गिल के साथ 105 रन की मजबूत साझेदारी बनाई।
3 तिलक वर्मा ने नाबाद 30 रन बनाकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
दुबई, 22 सितंबर 2025 (भाषा)
अभिषेक शर्मा के तूफानी अर्धशतक और शुभमन गिल के साथ उनकी शतकीय साझेदारी से भारत ने एशिया कप टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट के सुपर चार चरण के मैच में रविवार को यहां पाकिस्तान को छह विकेट से हराया।
चार विकेट पर 174 रन बनाकर की जीत दर्ज
पाकिस्तान के 172 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने अभिषेक (74 रन, 39 गेंद, छह चौके, पांच छक्के) और गिल (47 रन, 28 गेंद, आठ चौके ) के बीच पहले विकेट की 105 रन की साझेदारी की बदौलत सात गेंद शेष रहते चार विकेट पर 174 रन बनाकर जीत दर्ज की। तिलक वर्मा ने भी 19 गेंद में दो छक्कों और दो चौकों से नाबाद 30 रन की उम्दा पारी खेली। लीग मैच की तरह इस बार भी भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया।
पाक ने पांच विकेट पर बनाए 171 रन
पाकिस्तान ने इससे पहले सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान की 45 गेंद में पांच चौकों और तीन छक्कों से 58 रन की पारी की मदद से पांच विकेट पर 171 रन बनाए। फरहान ने सईम अयूब (21) के साथ दूसरे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी भी की। मोहम्मद नवाज (21) और फहीम अशरफ (नाबाद 20) ने भी उपयोगी पारियां खेली।
अभिषेक शर्मा के धमाके से कांपा पाकिस्तान
लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारत को अभिषेक और शुभमन ने तूफानी शुरुआती दिलाई। दोनों ने पावर प्ले में 69 रन जोड़े। अभिषेक ने शाहीन शाह अफरीदी की पारी की पहली गेंद पर छक्का जड़ा। गिल ने भी अगले ओवर में ऑफ स्पिनर सईम अयूब पर दो चौके मारे। अभिषेक नौ रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब शाहीन की गेंद पर नवाज उनका मुश्किल कैच लपकने में नाकाम रहे। अभिषेक ने लेग स्पिनर अबरार अहमद (42 रन पर एक विकेट) का स्वागत लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ किया और फिर राऊफ की गेंद पर दो रन के साथ पांचवें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया।
अभिषेक ने 24 गेंद में किया अर्धशतक पूरा
अभिषेक ने अगले ओवर में अबरार पर दो छक्के मारे और इस दौरान लॉन्ग ऑन पर फखर जमां ने उनका कैच भी टपकाया। उन्होंने अयूब पर चौके के साथ 24 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। अभिषेक और गिल ने सिर्फ नौवें ओवर में भारत का स्कोर 100 रन के पार पहुंचा दिया।
स्पोर्ट्स की और खबरें पढ़ने की लिए यहाँ क्लिक करे

