भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा ​​का निधन

भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा ​​का निधन
Share this news

नयी दिल्ली, 30 सितंबर 2025 (भाषा)

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का 94 वर्ष की उम्र में मंगलवार सुबह निधन हो गया। मल्होत्रा का पिछले कुछ दिनों से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उपचार हो रहा था।

उनका जीवन प्रेरणा का स्रोत रहा : सचदेवा

भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने एक बयान में कहा, ‘‘बेहद दुख के साथ हमें सूचित करना पड़ रहा है कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा ​​का आज सुबह निधन हो गया।’’

सचदेवा ने कहा कि उनका जीवन सादगी और जनसेवा के प्रति समर्पण की मिसाल था। जनसंघ के दिनों से ही उन्होंने दिल्ली में संघ की विचारधारा के विस्तार के लिए अथक प्रयास किए। भाजपा नेता ने कहा, ‘‘उनका जीवन हमेशा से सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है और आगे भी रहेगा।’’

निधन से एक दिन पहले मिला था स्थायी कार्यालय

विजय कुमार मल्होत्रा ​​के निधन से एक दिन पहले ही दिल्ली भाजपा को दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग पर एक स्थायी कार्यालय मिला था, जिसका उद्घाटन सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था।

5 बार सांसद और 2 बार विधायक रहे मल्होत्रा

विजय कुमार मल्होत्रा ​​दिल्ली से पांच बार सांसद और दो बार विधायक रहे हैं और राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी का एक प्रमुख चेहरा थे। पार्टी ने बताया कि उनका पार्थिव शरीर सुबह लगभग आठ बजकर 45 मिनट पर उनके आधिकारिक आवास 21, गुरुद्वारा रकाबगंज रोड लाया जाएगा जहां लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements