देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया दशहरा, कुछ स्थान पर बारिश ने डाला खलल

देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया दशहरा, कुछ स्थान पर बारिश ने डाला खलल
Share this news

नयी दिल्ली, 03 अक्टूबर 2025 (भाषा)

देशभर में बृहस्पतिवार को बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। इसके साथ ही नौ दिवसीय नवरात्र उत्सव का समापन हो गया और लोग रावण के पुतलों का दहन देखने के लिए रामलीला मैदानों में उमड़ पड़े। रावण के अलावा, उसके भाई कुंभकर्ण और पुत्र मेघनाद के पुतले भी खुले मैदान में दहन किये गए। मैसुरु में 11 दिवसीय दशहरा उत्सव और पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा का भी समापन हो गया।

मोदी और शाह के कार्यक्रम रद्द

हालांकि, शाम को दिल्ली समेत कुछ स्थानों पर बारिश ने खलल डाल दिया। बारिश से रावण के पुतले भीग गए और इस वजह से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रमों को रद्द करना पड़ा। प्रधानमंत्री मोदी को इंद्रप्रस्थ रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित ‘रावण दहन’ कार्यक्रम में शामिल होना था, जिसे अचानक भारी बारिश के कारण रद्द कर दिया गया, जबकि अमित शाह बारिश के कारण पीतमपुरा में एक कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।

मप्र में मूर्ति विसर्जन के दौरान दो हादसे

मध्य प्रदेश में दो दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शोभायात्राओं के दौरान हादसा हुआ जिसमें दो बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई।खंडवा जिले के पंधाना इलाके में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के झील में गिर जाने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। ट्रॉली पर दुर्गा प्रतिमाएं रखी हुई थीं। उज्जैन जिले के नरसिंह गांव के पास 12 लोगों और दुर्गा प्रतिमा को विसर्जन के लिए ले जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के चंबल नदी में गिर जाने से 8 और 16 वर्षीय दो लड़कों की मौत हो गई जबकि एक लड़का लापता हो गया।

लाल किला दशहरा समारोह

राष्ट्रीय राजधानी में बारिश के बीच, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लाल किले पर दशहरा समारोह में शामिल हुईं और माधवदास पार्क में ‘रावण दहन’ के दौरान प्रतीकात्मक रूप से तीर चलाया। बारिश के बीच कई लोगों ने छाते लेकर यह कार्यक्रम देखा। मुर्मू ने कहा कि यह त्योहार हमेशा से बुराई पर अच्छाई, अहंकार पर विनम्रता और घृणा पर प्रेम की विजय का प्रतीक रहा है।

मोदी ने लोगों को दी शुभकामनाएं

मोदी ने लोगों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “विजयादशमी बुराई और असत्य पर अच्छाई और सत्य की विजय का प्रतीक है। मेरी कामना है कि इस पावन अवसर पर हर किसी को साहस, बुद्धि और भक्ति के मार्ग पर निरंतर अग्रसर रहने की प्रेरणा मिले। देशभर के मेरे परिवारजनों को विजयादशमी की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।”

आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई जारी रहेगी : राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुजरात के सीमावर्ती शहर भुज के पास एक सैन्य अड्डे पर सैनिकों के साथ दशहरा मनाया और इस अवसर पर शस्त्र पूजा की। इस अवसर पर सिंह ने कहा कि सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई जारी रहेगी।उन्होंने सर क्रीक क्षेत्र के प्रति किसी भी आक्रामकता के खिलाफ पाकिस्तान को चेतावनी भी दी और कहा कि इस तरह के किसी भी कदम का ‘कड़ा जवाब’ दिया जाएगा जो ‘इतिहास और भूगोल’ बदल सकता है।

पश्चिम बंगाल में पारंपरिक अनुष्ठानों के साथ मनाया दशहरा

पश्चिम बंगाल में, दुर्गा पूजा उत्सव के समापन के प्रतीक विजयादशमी को बारिश के बीच ‘घोट विसर्जन’ (प्रतीकात्मक विसर्जन) और ‘सिंदूर खेला’ जैसे पारंपरिक अनुष्ठानों के साथ मनाया गया। कोलकाता में, लाल किनारी वाली साड़ियों में महिलाओं ने बागबाजार और कुमारटुली सर्बोजोनिन समेत कई सामुदायिक पूजाओं में ‘सिंदूर खेला’ में भाग लिया, जहां राज्य के मंत्री शशि पांजा भी समारोह में शामिल हुईं।

उप्र में धूमधाम से मनाई गई विजयदशमी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजयादशमी के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में गोरक्षपीठाधीश्वर के साथ महायोगी गुरु गोरखनाथ की विशेष पूजा की। देवी आदिशक्ति की पूजा-अर्चना के बाद, वह मुख्य मंदिर के गर्भगृह में गए, जहां उनके साथ संत, संस्कृत विद्यापीठ के आचार्य और वैदिक छात्र मंत्रोच्चार कर रहे थे। मंदिर सूत्रों ने बताया कि वहां उन्होंने पूजा-अर्चना की, आरती की और सभी के कल्याण की कामना की।

कुल्लू दशहरा उत्सव

हिमाचल प्रदेश में, कुल्लू शहर के रथ मैदान में सप्ताह भर चलने वाला कुल्लू दशहरा उत्सव शुरू हो गया है। यह दशहरा अनोखा है क्योंकि यह तब शुरू होता है जब शेष भारत में दशहरा समाप्त होता है और इसमें आसपास के गांवों से देवी-देवताओं की भव्य शोभायात्रा और समागम होता है। इसकी शुरुआत कुल्लू घाटी के देवता भगवान रघुनाथ के आगमन से होती है।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements