उज्जैन, 03 अक्टूबर 2025 (भाषा)
मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में बृहस्पतिवार को देवी की मूर्ति को विसर्जन के लिए ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के एक पुल के नीचे चंबल नदी में गिर जाने के बाद 11 लोगों को बचा लिया गया, जबकि एक व्यक्ति लापता हो गया। यह घटना जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर इंगोरिया के पास हुई।
बच्चे की गलती से हुआ हादसा
उज्जैन के सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी-ग्रामीण) अभिषेक रंजन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘12 वर्षीय एक लड़के ने गलती से ट्रैक्टर की ‘इग्निशन’ चाबी घुमा दी, जिससे वह चालू होकर आगे बढ़ गया और मूर्तियों से लदी ट्रॉली पुल से फिसलकर नदी में जा गिरी। उसमें सवार लोग भी पानी में गिर गए।’’
11 लोगों को निकाला बाहर एक व्यक्ति लापता
उन्होंने कहा, ‘‘उनमें से 11 लोगों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया। बचाए गए चार लोगों को इलाज के लिए गौतमपुरा अस्पताल ले जाया गया। एक व्यक्ति लापता है और उसकी तलाश जारी है।’’
दो घायल बच्चों की हालत गंभीर
उज्जैन के एएसपी ने बताया कि पुलिस और राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल (एसडीईआरएफ) की टीम स्थानीय निवासियों की मदद से बचाव अभियान चला रही हैं। सूत्रों ने बताया कि दो घायल बच्चों की हालत गंभीर है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

