ग्वालियर में हथियारबंद लोगों ने किया गर्भवती महिला का अपहरण

ग्वालियर में हथियारबंद लोगों ने किया गर्भवती महिला का अपहरण
Share this news

ग्वालियर, 10 अक्टूबर 2025 (भाषा)

मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में हथियारबंद लोगों के एक समूह ने एक घर में घुसकर गोलीबारी की, परिवार के सदस्यों से मारपीट की और फिर एक गर्भवती महिला का अपहरण कर लिया। यह घटना बुधवार देर रात ग्वालियर से करीब 20 किलोमीटर दूर गुरजा गांव में हुई।

घर में घुसकर की गोलीबारी

तिघरा पुलिस थाने के प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘हथियारबंद लोगों के समूह ने घर में घुसकर गोलीबारी की और वहां रहने वाले एक परिवार के सदस्यों से मारपीट की। तीन लोग घायल हो गए, लेकिन किसी को भी गोली नहीं लगी। इसके बाद हमलावर एक महिला को उठा ले गए।’’ उन्होंने बताया कि घायलों को बाद में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

शादी से संबंधित एक पुराना विवाद

शर्मा ने कहा कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और महिला का पता लगाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘अब तक की गई जांच के अनुसार, यह हमला शादी से संबंधित एक पुराने विवाद का नतीजा है।’’

पति ने बताई पूरी कहानी

अपहृत महिला के पति गिर्राज गुर्जर ने कहा कि बंदूक और अन्य हथियारों से लैस लगभग दो दर्जन लोग उसके घर में घुस गए, कई राउंड गोलियां चलाईं और उसके माता-पिता व चाचा पर लाठियों से हमला किया। गुर्जर ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘बाद में वे मेरी पत्नी अंजू को ले गए। वह नौ महीने की गर्भवती है और किसी भी समय उसका प्रसव हो सकता है।’’ उसने आरोप लगाया कि मुरैना जिले के सेसाई पुरा गांव का योगेंद्र इस मामले में मुख्य आरोपी है।

गुर्जर ने दावा किया कि योगेंद्र ने पहले भी अंजू से जबरन शादी करने की कोशिश की थी। उसने कहा कि पिछले साल उसकी और अंजू की सगाई तथा शादी के दौरान योगेंद्र ने गोली भी चलाई थी।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements