गुना (मप्र), 11 अक्टूबर 2025 (भाषा)
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को कहा कि उनके परिवार के प्रति लोगों का प्यार 15 पीढ़ियों से कायम है और किसी को इस अटूट बंधन के बारे में लिखना चाहिए।
ज्योतिरादित्य सिंधिया अशोकनगर पहुंचे और शहर में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे, तभी दर्शकों में बैठे एक व्यक्ति ने ऊंची आवाज़ में कहा,‘‘सिंधिया जी, आई लव यू।’’ इस भावना और खुलेपन से भरी गर्मजोशी से आश्चर्यचकित, सिंधिया मुस्कुराए और तुरंत जवाब दिया,‘‘ आई लव यू टू।’’ इस पर कार्यक्रम में मौजूद लोग हंस पड़े और तालियां बजाने लगे।
स्नेह के इस इज़हार पर गौर करते हुए, दूरसंचार मंत्री ने कहा कि यह दर्शाता है कि ‘‘सिंधिया परिवार और इस क्षेत्र के लोगों के बीच प्रेम का मजबूत बंधन 15 पीढ़ियों बाद भी कायम है।’’
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, ‘‘यह प्रेम और गहरे जुड़ाव पर आधारित रिश्ता है। कोई भी रिश्ता 15 पीढ़ियों तक नहीं चल सकता। आज के ज़माने में प्यार 10 दिन भी नहीं टिकता। लेकिन (सिंधिया परिवार और लोगों के बीच) यह 15 पीढ़ियों तक चला है। किसी को इस पर एक गाथा लिखनी चाहिए।’’
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

