नोबेल शांति पुरस्कार के लिए ट्रंप की कोशिशें हुई नाकाम, मारिया कोरिना मचाडो को मिला पुरस्कार

नोबेल शांति पुरस्कार के लिए ट्रंप की कोशिशें हुई नाकाम, मारिया कोरिना मचाडो को मिला पुरस्कार
Share this news

ओस्लो, 11 अक्टूबर 2025 (एपी)

वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो को इस साल के नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की शुक्रवार को घोषणा की गई। मारिया को एक ऐसी महिला के रूप में मान्यता दी गई, जिन्होंने “गहराते अंधकार के बीच लोकतंत्र की लौ जलाए रखी है।”

जॉर्गन वात्ने फ्रिडनेस ने कही ये बात

नॉर्वे की नोबेल समिति के अध्यक्ष जॉर्गन वात्ने फ्रिडनेस ने कहा कि वेनेजुएला में राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए विपक्ष की उम्मीदवार रहीं मारिया कोरिना मचाडो को राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की सरकार के खिलाफ “कभी गहराई तक विभाजित विपक्ष को एकजुट करने वाली महत्वपूर्ण शख्सियत” के रूप में सराहा गया है। फ्रिडनेस ने कहा, “मारिया पिछले एक साल से छिपकर रहने के लिए मजबूर हैं। जान को गंभीर खतरे के बावजूद वह देश में ही हैं और इस फैसले ने लाखों लोगों को प्रेरित किया है।”

उन्होंने कहा, “जब अधिनायकवादी सत्ता पर कब्जा कर लेते हैं, तो आजादी की रक्षा करने वाले उन साहसी नायकों को मान्यता देना अहम हो जाता है, जो आवाज उठाते हैं और प्रतिरोध करते हैं।”

नोबेल शांति पुरस्कार जीतने वाली 20वीं महिला

-नोबेल शांति पुरस्कार एकमात्र नोबेल पुरस्कार है, जो ओस्लो (नॉर्वे) में प्रदान किया जाता है। यह पुरस्कार अब तक 112 लोगों को दिया जा चुका है। मारिया इस पुरस्कार को हासिल करने वाली 20वीं महिला हैं। पिछले साल नोबेल शांति पुरस्कार द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जापान के हिरोशिमा और नागासाकी शहरों पर अमेरिका के परमाणु बम हमलों के पीड़ितों के संगठन ‘निहोन हिडांक्यो’ को दिया गया था। इस संगठन के सदस्य परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने और दुनिया में इनके खतरों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए दशकों से काम कर रहे हैं।

ट्रंप की संभावनाओं को लेकर अटकलों पर विराम

-नोबेल शांति पुरस्कार के विजेता के नाम की घोषणा से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इस पुरस्कार के लिए चुने जाने की अटकलें लगाई जा रही थीं। ट्रंप ने दुनियाभर में कई युद्ध और संघर्ष को रुकवाने में अहम भूमिका निभाने का दावा करके खुद इन अटकलों को हवा दी थी। गाजा पट्टी में तीन साल से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए इजराइल और हमास के ट्रंप की ओर से प्रस्तावित युद्ध-विराम समझौते पर सहमत होने के बाद इन अटकलों को और बल मिला था।

नोबेल शांति पुरस्कार को लेकर ट्रंप के लिए ‘लॉबिंग’ के बारे में पूछे जाने पर फ्रिडनेस ने कहा, “मुझे लगता है कि इस समिति ने हर तरह के प्रचार, मीडिया में मिली सुर्खियों पर गौर किया। हमें हर साल लाखों पत्र मिलते हैं, जिनमें लोग यह बताना चाहते हैं कि वे शांति के लिए क्या कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह समिति एक कमरे में बैठती है, जहां सभी पुरस्कार विजेताओं के चित्र लगे हुए हैं और यह कमरा साहस और निष्ठा दोनों का प्रतीक है। हम सिर्फ अल्फ्रेड नोबेल के काम और उनकी इच्छा के आधार पर फैसला लेते हैं।’’

नोबेल समिति के लिए राजनीति शांति से ऊपर : व्हाइट हाउस

व्हाइट हाउस (अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास) के प्रवक्ता स्टीवन चेउंग ने शुक्रवार सुबह ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप दुनियाभर में शांति समझौते करवाना, युद्ध-संघर्ष को समाप्त करवाना और लोगों की जान बचाना जारी रखेंगे।” उन्होंने लिखा कि नोबेल समिति ने साबित कर दिया है कि ‘‘वह राजनीति को शांति से अधिक महत्व देती है।’’

वेनेजुएला के लोग इस पुरस्कार के हकदार : मारिया

नॉर्वेजियन नोबेल संस्थान के साथ बातचीत में मारिया ने कहा, “वेनेजुएला के लोग इस सम्मान के हकदार हैं। मैं एक विशाल आंदोलन का हिस्सा हूं… मैं न सिर्फ इस सम्मान से अभिभूत हूं, बल्कि वेनेजुएला में आज जो कुछ हो रहा है, उसका हिस्सा बनकर भी गौरवान्वित महसूस करती हूं।” उन्होंने कहा, “मेरा मानना ​​है कि हम अंततः अपने देश के लिए आजादी और क्षेत्र के लिए शांति प्राप्त करने के बहुत करीब हैं।”

मारिया ने कहा, “भले ही हम सबसे बर्बर हिंसा का सामना कर रहे हैं, लेकिन हमारे समाज ने इसका प्रतिरोध किया है और शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष करने पर जोर दिया है।” उन्होंने कहा, “मुझे विश्वास है कि अब दुनिया समझ जाएगी कि अंततः सफल होना कितना जरूरी है।”

वेनेजुएला के लोगों और ट्रंप को समर्पित किया पुरस्कार

-मारिया ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “आज हम स्वतंत्रता हासिल करने और लोकतंत्र कायम करने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप, अमेरिका के लोगों, लातिन अमेरिका के लोगों और दुनिया के लोकतांत्रिक देशों पर अपने प्रमुख सहयोगियों के रूप में पहले से कहीं अधिक भरोसा करते हैं।” उन्होंने कहा, “मैं वेनेजुएला के पीड़ित लोगों और हमारे मुद्दे के प्रति निर्णायक समर्थन के लिए राष्ट्रपति ट्रंप को यह पुरस्कार समर्पित करती हूं!”

विदेश से जुडी और ख़बरें पढने के लिए यहां क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements