भोपाल, 17 अक्टूबर 2025 (भाषा)
राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में गुजरात के ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ परिसर में मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के स्कूल की लड़कियों का एक बैंड प्रस्तुति देगा।
ईदगाह हिल्स स्थित सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल की लड़कियों की टीम ने हाल ही में मध्यप्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित बैंड प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया था और राष्ट्रीय स्तर पर भी राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए इसने दूसरा स्थान हासिल किया था।
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में आयोजित कार्यक्रम
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अब 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में एक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए टीम का चयन किया है। भोपाल की लड़कियों की टीम और राष्ट्रीय स्तर पर लड़कों के वर्ग में पहला स्थान हासिल करने वाली राजस्थान की टीम प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में संयुक्त रूप से प्रदर्शन करेगी। यह कार्यक्रम सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।
5 धुनों पर प्रदर्शन करेगी टीम
भोपाल की टीम राज्य पुलिस बल, सीमा सुरक्षा बल, अन्य सुरक्षा बलों और एनसीसी की टीमों के साथ मंच साझा करेगी।करीब 30 लड़कियों वाला यह बैंड 23 अक्टूबर को अपने प्रशिक्षक रसिक नागर पांडे के साथ गुजरात के लिए रवाना होगा।पांडे ने कहा कि उनके नेतृत्व वाली टीम हिंदी, गुजराती, अंग्रेजी, स्पेनिश और जर्मन धुनों पर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि यह स्कूल, भोपाल और पूरे मध्यप्रदेश के लिए गर्व की बात है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

