राहुल गांधी ने हरिओम के परिवार से मुलाकात की, बोले-इस हत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया

राहुल गांधी ने हरिओम के परिवार से मुलाकात की, बोले-इस हत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया
Share this news

कानपुर, 17 अक्टूबर 2025 (भाषा)

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी रायबरेली में भीड़ के हमले में मारे गए दलित हरिओम वाल्मीकि के परिवार से मिलने के लिए शुक्रवार को फतेहपुर जिले में उसके पैतृक आवास पर पहुंचे।

गांधी ने वाल्मीकि परिवार के साथ मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए ‘एक्‍स’ पर कहा, ”हरिओम वाल्मीकि की नृशंस हत्या ने पूरे देश की अंतरात्मा को झकझोर दिया है। उनके परिवार की आंखों में दर्द के साथ एक सवाल था – क्या इस देश में दलित होना अब भी जानलेवा गुनाह है?”

उत्तर प्रदेश में प्रशासन पीड़ित परिवार को डराने में जुटा

इसी पोस्ट में गांधी ने कहा कि ”उत्तर प्रदेश में प्रशासन पीड़ित परिवार को डराने में जुटा है। उन्होंने परिवार को मुझसे मिलने से रोकने की कोशिश भी की। यह व्यवस्था की वही विफलता है – जो हर बार गुनहगारों की ढाल बनकर पीड़ित को ही कठघरे में खड़ा कर देती है।” लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने पोस्‍ट में लिखा, ”न्याय को नजरबंद नहीं किया जा सकता। भाजपा सरकार को चाहिए कि पीड़ित परिवार पर दबाव खत्म करे और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाए।”

राहुल गांधी ने कही ये बात

गांधी ने कहा, ”मैं हरिओम वाल्मीकि के परिवार और देश के हर शोषित, वंचित और कमजोर नागरिक के साथ मजबूती से खड़ा हूं। यह लड़ाई सिर्फ़ हरिओम के लिए नहीं – हर उस आवाज के लिए है जो अन्याय के सामने झुकने से इनकार करती है।”

गाँधी की वाल्मीकि के परिवार से मुलाकात

कांग्रेस नेता का विशेष विमान दिल्ली से चकेरी हवाई अड्डे पर पहुंचा और यहां से वह सड़क के रास्ते करीब 80 किलोमीटर का सफर तय करके फतेहपुर पहुंचे, जहां उन्होंने मृतक वाल्मीकि के परिवार वालों से मुलाकात की। उनके दौरे से पहले, सरकार ने हरिओम की बहन कुसुम को फतेहपुर मेडिकल कॉलेज में स्टाफ नर्स की संविदा नौकरी के लिए ऑफर लेटर जारी किया। राहुल गांधी ने पीड़ित परिवार के साथ करीब 25 मिनट बिताए, इस दौरान उन्होंने हरिओम के पिता गंगादीन, भाई शिवम और बहन कुसुम से बात की, जिनके प्रति उन्होंने संवेदना जताई और पूरा सहयोग देने का वादा किया।

हमें यहां राजनीति की ज़रूरत नहीं : शिवम वाल्मीकि

राहुल के हरिओम वाल्मीकि के परिवार से मिलने पहुंचने से कुछ घंटे पहले, हरिओम के भाई शिवम वाल्मीकि ने परिवार के साथ एक वीडियो जारी किया, जिसमें कहा गया कि कांग्रेस नेता को इस दौरे का इस्तेमाल राजनीतिक मकसद के लिए नहीं करना चाहिए। शिवम एक वीडियो में कहते सुने जा सकते हैं, “हम सरकार से खुश हैं और हमें यहां राजनीति की ज़रूरत नहीं है।”

कांग्रेस पार्टी का दावा

कांग्रेस पार्टी ने दावा किया कि यह वीडियो भाजपा की तरफ से जारी कराया गया। राहुल गांधी ने परिवार से मुलाकात के बाद पत्रकारों से कहा, “इस सरकार में दलितों पर जुल्म अपने चरम पर है।” उन्होंने एनसीआरबी (राष्‍ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो) के नए आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि इससे पता चलता है कि दलितों पर जुल्म के मामलों में उत्तर प्रदेश पूरे देश में सबसे आगे है।

क्या हैं घटना?

रायबरेली जिले के ऊंचाहार क्षेत्र में हरिओम (40) की ड्रोन चोरी के शक में एक और दो अक्टूबर की दरम्यानी रात भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। बाद में मारपीट और उसके शव के वीडियो ऑनलाइन सामने आए, जिससे व्यापक आक्रोश फैल गया। हमले के बाद, पुलिस ने मामला दर्ज कर अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें मुख्य आरोपी भी शामिल है जिसे 10 अक्टूबर को एक एनकाउंटर के बाद पकड़ा गया था।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements