जबलपुर (मध्यप्रदेश), 19 अक्टूबर 2025 (भाषा)
पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर स्टेशन पर समोसे के एवज में एक यात्री से उसकी घड़ी ले लेने वाला वेंडर हिरासत में है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद रेलवे ने अब आरोपी वेंडर का लाइसेंस रद्द करने की तैयारी शुरू कर दी है।
वेंडर ने पकड़ा यात्री का कॉलर
वीडियो में देखा जा सकता है कि स्टेशन पर एक युवक समोसे खरीदने के लिए ऑनलाइन (यूटीआई) भुगतान का प्रयास करता है, जो विफल हो जाता है और इसी बीच ट्रेन भी चल पड़ती है। वीडियो में दिख रहा है कि युवक बगैर समोसे लिए जैसे ही ट्रेन की ओर जाने की कोशिश करता है, वेंडर उसका कॉलर पकड़ लेता है। मजबूरी में युवक हाथों से घड़ी उतार कर देने लगता है और वेंडर उसे रखकर कुछ समोसे उसे पकड़ा देता है।
घटना का विडियो सोशल मीडिया पर
किसी ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक यह घटना जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर 17 अक्टूबर को शाम साढ़े पांच बजे हुई।
आरपीएफ ने लिया वेंडर के खिलाफ एक्शन
जबलपुर डिविजनल रेलवे मैनेजर (डीआरएम) ‘एक्स’ पर किए गए इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “वेंडर की पहचान कर ली गई है तथा आरपीएफ ने मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। साथ ही लाइसेंस को रद्द करने की कार्रवाई भी की जा रही है।”
वेंडर ने स्वीकार किया अपराध
बाद में एक आधिकारिक बयान में कहा गया वेंडर ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि ऑनलाइन भुगतान न होने पर उसने यात्री के साथ दुर्व्यवहार किया लेकिन बाद में उसकी घड़ी उसे लौटा दी। बयान में कहा गया, “वेंडर ने उक्त यात्री से दुर्व्यवहार की बात स्वीकार की है, जिसके बाद रेल सुरक्षा बल जबलपुर ने रेल अधिनियम की धारा 145 के तहत उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है।”
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

