झेलम एक्सप्रेस में फर्जी टीटीई बनकर यात्रियों से वसूली करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

झेलम एक्सप्रेस में फर्जी टीटीई बनकर यात्रियों से वसूली करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
Share this news

ग्वालियर (मप्र), 23 अक्टूबर 2025 (भाषा)

महाराष्ट्र के पुणे से जम्मू तवी जाने वाली झेलम एक्सप्रेस में फर्जी यात्रा टिकट परीक्षक (टीटीई) बनकर यात्रियों से अवैध वसूली करने के आरोप में एक व्यक्ति को ग्वालियर स्टेशन पर गिरफ्तार किया गया है। अधिकारी के मुताबिक पकड़े गए आरोपी ने खुद को सेना का जवान बताया है और कहा कि वह बबीना में पदस्थ है।

टीटीई बन गया फौजी

आरोपी कमल पांडेय झांसी और ग्वालियर के बीच ट्रेन में जब यात्रियों से वसूली कर रहा था तभी किसी यात्री ने उसका वीडियो बनाकर ‘रेल मदद’ पर शिकायत दर्ज करा दी। रेल मदद, रेलवे का एक शिकायत निवारण तंत्र है, जिसके तहत यात्रियों को ऑनलाइन, ऐप या एसएमएस के माध्यम से शिकायत दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध है। सोशल मीडिया पर प्रसारित इस घटना के वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी यात्रियों से बिना टिकट यात्रा करने पर वसूली कर रहा है।

वीडियो में वह वह ‘वेटिंग’ टिकट वाले यात्रियों से सीट देने के नाम पर और बेटिकट यात्रियों से जुर्माने के रूप में रुपये वसूली करते हुए भी नजर आ रहा है।

आरपीएफ और जीआरपी की टीम पहुंची

ग्वालियर रेलवे स्टेशन के आरपीएफ थाना प्रभारी महेश शर्मा ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद जैसे ही ट्रेन ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची, रेलवे की एक टीम और आरपीएफ ने मिलकर फर्जी टीटीई को ट्रेन से नीचे उतारा और उसे हिरासत में ले लिया। उन्होंने कहा कि पकड़े गए आरोपी का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और उसे राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के हवाले कर दिया गया।

जीआरपी के थाना प्रभारी जितेंद्र चंदेलिया ने बताया कि आरोपी ने खुद को फौजी बताया है कहा कि वह बबीना में पदस्थ है।

आरोपी से पूछताछ जारी

जीआरपी पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी के पास से 1620 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे ऐसे संदिग्ध व्यक्तियों से सतर्क रहें और टिकट जांच के दौरान वर्दीधारी असली स्टाफ की पहचान अवश्य करें।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements