रीवा (मध्यप्रदेश), 24 अक्टूबर 2025 (भाषा)
मध्यप्रदेश के रीवा में सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक दर्जन से अधिक घायल हो गए तथा उनमें छह की हालत गंभीर है। यह दुर्घटना बुधवार देर शाम को गढ़ थानाक्षेत्र में लालगांव चौकी के पास उस समय हुई जब गंगेव गांव के साकेत परिवार के करीब दो दर्जन सदस्य ट्रैक्टर-ट्राली से एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने सिरमौर की ओर जा रहे थे।
मृतकों की पहचान, गंभीर घायलों का हाल
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान 28 वर्षीय मुनि साकेत, 15 वर्षीय मोहन साकेत और 55 वर्षीय रामविशाल साकेत के रूप में हुई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हुई है। एक की मौत बुधवार को ही घटनास्थल पर हो गई थी जबकि दो ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। सिंह का कहना है कि छह अन्य की हालत गंभीर है। घायलों का रीवा के संजय गांधी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
कैसे हुई यह दुर्घटना?
पुलिस के मुताबिक यात्रियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे ही लालगांव चौकी के डगरडुआ गांव के पास पहुंची, सामने से लकड़ियां से भरी ट्रैक्टर-ट्राली आ गई। इस ट्रैक्टर-ट्राली की लकड़ियां बाहर की ओर निकली हुई थी और उसने दूसरी ट्रैक्टर-ट्राली में सवार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

